भटनी। एक सप्ताह पूर्व मकान का छज्जा निकालने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। मामले में शनिवार को पुलिस ने छह नामजद व चार अज्ञात पर गैर इरादतन हत्या के प्रयास सहित अन्य धारा में केस दर्ज किया है। एक पक्ष की तहरीर पर पहले ही केस दर्ज किया जा चुका है। दोनों पक्षों से मुकदमा दर्ज कर पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
पिपरा दीक्षित गांव में नंदलाल प्रसाद के मकान का छत डालने का काम चल रहा था। पट्टीदार के घर की तरफ मकान का छज्जा निकालने पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। 23 अप्रैल को दोनों पक्ष ग्राम प्रधान के दरवाजे पर पंचायत कराने पहुंचे। इसी दौरान मारपीट हो गई। इसमें नंदलाल प्रसाद और जगदीश प्रसाद घायल हो गए। 24 अप्रैल को जगदीश की शिकायत पर पुलिस ने नंदलाल सहित चार लोगों पर केस दर्ज कर लिया। शनिवार को जिला अस्पताल से इलाज कराकर पहुंचे नंदलाल की तहरीर पर पुलिस ने जगदीश प्रसाद, अमीन, घर्मेंद्र, लीलावती, गोलू, प्रवीण व अज्ञात चार पर गैर इरादतन हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। एसओ वीरेंद्र कुशवाहा ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।