पराली जलाने पर किसान से वसूला गया जुर्माना
भाटपाररानी। खामपार थाना क्षेत्र के ग्राम बेलही में मंगलवार को एक किसान द्वारा धान के फसल की हार्वेस्टर से कटाई कराने के बाद मंगलवार को पराली जलाई जा रही थी। गांव वालों की सूचना पर तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंच कर जुर्माना वसूला।
ग्राम बेलही निवासी किसान अवधेश पांडेय कुछ दिन पहले धान के फसल की कटाई हार्वेस्टर से कराने के बाद मंगलवार को खेत की पराली जला रहे थे। उनका खेत खामपार थाने के बगल में सड़क के किनारे स्थित है। गांव वालों ने इसकी सूचना तत्काल तहसील प्रशासन और फिर खामपार थानाध्यक्ष को दी।
एसडीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल तहसील प्रशासन को पुलिस वालों के साथ मौके पर भेजा और किसान अवधेश पांडेय से 2500 रुपये जुर्माना वसूल किया। भविष्य में ऐसा नहीं करने की हिदायत दी। एसडीएम संजीव कुमार उपाध्याय ने बताया कि किसान से जुर्माना वसूल कर हिदायत देने के बाद छोड़ दिया गया है।