क्षेत्र पंचायत की बैठक के दौरान सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के मामले में हुआ विवाद
दोनों पक्षों ने दी तहरीर, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। बैठक में सरकारी योजनाओं को बताने को लेकर ब्लॉक प्रमुख के जेठ व ग्राम प्रधान और जिला पंचायत सदस्य आपस में भिड़ गए। इसकी जानकारी होने पर दोनों पक्षों के समर्थक मौके पर पहुंच गए। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों ओर से जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। पुलिस ने 50 लोगों को आरोपी बनाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भटनी ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत की बैठक चल रही थी। बैठक में बीडीओ, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य आदि शामिल थे। इसी दौरान खंड शिक्षा अधिकारी राजेश यादव सरकारी योजनाओं के बारे में सदस्यों को जानकारी दे रहे थे। तभी जिला पंचायत सदस्य अजित कुमार सिंह ने प्राइवेट स्कूलों में गरीब छात्रों के नि:शुल्क शिक्षा देने की अपील की। इसे लेकर ग्राम प्रधान खैराट व ब्लॉक प्रमुख के जेठ राजकिशोर यादव से उनकी बहस होने लगी। इससे नाराज प्रधान राजकिशोर जिला पंचायत सदस्य को मारने दौड़ पड़े। अन्य लोगों के बीच-बचाव करने पर मामला शांत हो गया। इसकी खबर जब दोनों परिवारों को मिली तो वे अपने समर्थकों के साथ ब्लॉक पर पहुंच गए। देखते ही देखते पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष मारपीट करने लगे। यह देख पुलिस के पसीने छूट गए। किसी तरह पुलिस ने बीच बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया। बाद में थाने पर पहुंचकर जिला पंचायत सदस्य अजित सिंह और ग्राम प्रधान राजकिशोर यादव ने मारपीट में शामिल करीब 50 लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है। एसओ श्यामानंद राय ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट में
चंद मिनटों में सोशल साइट्स पर वायरल होने लगी मारपीट की वीडियो
भटनी। ब्लॉक सभागार में जिला पंचायत सदस्य और ब्लॉक प्रमुख परिवार के बीच विवाद होने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। घटना के बाद चंद मिनटों में सोशल साइट्स पर विवाद और मारपीट का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो देख लोग अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। शुक्रवार शाम तक घटना की वीडियो हर किसी के मोबाइल में आ चुका था। कुछ लोग इसे चुनावी रंजिश तो कुछ जातीय दबंगई बता रहे हैं।
...
ब्लॉक प्रमुख के परिवार से पूर्व में भी लोगों से हुए हैं विवाद
भटनी। ब्लॉक प्रमुख के पति और जेठ से पूर्व में भी कई लोगों से विवाद हो चुका है। ब्लॉक प्रमुख चुनाव में ब्लॉक प्रमुख के पति रमाशंकर यादव व भाजपा प्रत्याशी मानवेन्द्र नाथ तिवारी से विवाद हुआ था। मामले में दोनों पक्षों पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था।