खुखुंदू थाना क्षेत्र के महाराजपुर गांव का मामला
पुलिस ने एक का शांतिभंग में किया चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के महाराजपुर गांव में मंगलवार की रात को पुरानी रंजिश में मारपीट हो गई। इसमें दंपती, बहू और बेटी के घायल होने की सूचना है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान किया है।
क्षेत्र के महाराजपुर गांव निवासी मिठाई लाल चौहान के दरवाजे पर मंगलवार की रात तकरीबन साढ़े आठ बजे कुछ लोग पहुंचे। दरवाजे का फाटक तोड़ने की कोशिश करने लगे। आरोप है कि जब घर की महिलाओं ने विरोध जताया तो बाल घसीटते हुए उन्हें मारा-पीटा गया।
मिठाई लाल का आरोप है कि महिलाओं को मारने-पीटने का विरोध करने पर उन्हें धारदार हथियार लेकर दौड़ा लिया गया। मारपीट में मिठाई लाल, पत्नी कुंती देवी, बहू सुमन चौहान और बेटी माधुरी चोटिल हुई हैं। उधर, रात में विवाद होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर विवाद शांत हो गया था। पुलिस ने महाराजपुर गांव निवासी राजकुमार चौहान को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान किया है।
इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलते ही पुलिस ने आरोपी युवक राजकुमार का शांतिभंग में चालान कर दिया। इसके अलावा मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट आने के बाद केस दर्ज किया जाएगा।