सीएचसी में भिड़े दो कर्मचारी, मची अफरा-तफरी
आईसीटीसी के एलटी ने एचआईवी इंजेक्शन से घायल करने का आरोप लगाया
एक घंटे तक बाधित रहा अस्पताल में कामकाज
अधीक्षक ने बीच-बचाव कर शांत कराया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार की दोपहर दो कर्मचारी आपस में भिड़ गए। कर्मचारियों में मारपीट से ओपीडी में अफरा-तफरी मच गई। पैथालॉजी और आईसीटीसी के कर्मचारी के बीच हुए विवाद को अधीक्षक ने बीच-बचाव कर शांत कराया। एक कर्मचारी ने दूसरे कर्मचारी पर एचआईवी संक्रमित इंजेक्शन पेट में मारकर घायल करने का आरोप लगाया।
आईसीटीसी और पैथालॉजी का केबिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अगल-बगल है। दोपहर में दवा वितरण खिड़की के सामने दोनों कर्मचारियों में बहस होने लगी। देखते ही देखते दोनों मारपीट करने लगे। इस दौरान एक कर्मचारी ने दूसरे कर्मचारी के पेट में इंजेक्शन मार दिया। दवा वितरण केंद्र पर खड़े लोग विवाद देख बाहर निकल गए। करीब एक घंटे तक अस्पताल में माहौल गर्म रहा। विवाद करने वालों में एक कर्मचारी गौरीबाजार स्वास्थ्य केंद्र पर दो माह पहले भी विवाद कर चुका है। उसी घटना को लेकर उसका तबादला बनकटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर किया गया, फिर उसका तबादला रुद्रपुर हो गया। आईसीटीसी के एलटी सुरेंद्र शुक्ला ने पैथालॉजी के एलटी देवेंद्र सिंह पर एचआईवी संक्रमित सुई से पेट में वार करने का आरोप लगाया है। सुरेंद्र शुक्ला ने कहा कि विवाद के संबंध में अधीक्षक को अवगत कराया गया है। वहीं, पैथालॉजी के एलटी देवेंद्र सिंह ने मारपीट की घटना से इनकार किया है। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. दिनेश यादव ने कहा कि दोनों कर्मचारियों के बीच विवाद हुआ था। उन्हें समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया। किसी ने लिखित शिकायत नहीं की है।