सलेमपुर। वर्चस्व को लेकर छात्रों के दो गुटों के बीच बुधवार को काॅलेज गेट के सामने मुख्य सड़क पर जमकर मारपीट हो गई। इसमें दो छात्रों के सिर फट गए। इस दौरान अफरातफरी का माहौल रहा। सरेराह छात्रों का उपद्रव देख दुकानदार और राहगीर सहम गए। मारपीट की जानकारी पर पहुंची पुलिस घायल छात्रों को लेकर सीएचसी पहुंची, जहां पुलिस की मौजूदगी में उपचार हुआ। वहीं, एक छात्र को डाॅक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस तीन छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
दो दिन पूर्व ओकेएम इंटर काॅलेज के छात्र शाहीम से किसी छात्र का किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से उस दौरान मामला शांत हो गया। बुधवार को शाहीम दोपहर में भोजनावकाश के समय विद्यालय से बाहर निकल रहा था। इस दौरान छात्रों के एक गुट ने शाहीम पर बीते दिन हुए विवाद को लेकर हमला कर दिया। देखते ही देखते मारपीट होने लगी। आरोप है कि इस दौरान किसी छात्र ने उसके सिर पर रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा और रक्तस्राव होने लगा। यह देख अन्य छात्र भाग निकले। उधर, एक और छात्र को चोटें आई हैं। सरेराह होती मारपीट देख बाजार आए लोग सहम गए। कुछ देर के लिए दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। यह देख किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायल छात्रों को लेकर सीएचसी पहुंची। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद शाहीम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, दूसरे छात्र को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। मामले में पुलिस तीन छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्रभारी निरीक्षक कपिलदेव चौधरी ने बताया कि छात्रों के दो गुटों ने आपस में मारपीट की है। तीन छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।