चूहे ने 60 हजार उपभोक्ताओं की गुल की बिजली
इनकमिंग फीडर ब्लास्ट, 150 गांवों के उपभोक्ता आठ घंटे रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
लार। बिजली उपकेंद्र के इनकमिंग फीडर में शनिवार को चूहा घुसने से फीडर ब्लास्ट कर गया, जबकि खेमादेई फीडर को जाने वाला 33 हजार का तार पिपरा चौराहा के समीप शुक्रवार की रात दो बजे रात में ब्लास्ट कर गया, जिससे दोनों फीडर से जुड़े तकरीबन 60 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी में दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। देर शाम फॅाल्ट को ठीक कर आपूर्ति बहाल की गई।
उपकेंद्र से लार नगर सहित मटियारा जगदीश, ठाकुुर गौरी, नेमा पिंडी, धरहरा, भुडुसरी, रावतपार, रामनगर, सहजौर सहित डेढ़ सौ गांवों की आपूर्ति दी जाती है। शनिवार को फीडर को क्षमता बढ़ाने के लिए कार्य चल रहा था। इसके लिए पांच घंटे की घोषित कटौती की गई थी। जैसे ही दो बजे आपूर्ति बहाल की गई। इसी बीच फीडर के केबल में चूहा घूस गया, जिससे केबल ब्लास्ट कर गया। पूरे दिन लार फीडर से जुड़े उपभोक्ता आठ घंटे से अधिक समय तक उमस भरी गर्मी में परेशान रहे।
वहीं, लार उपकेंद्र से खेमादेई फीडर को जाने वाला 33 हजार का तार पिपरा चौराहा स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप शुक्रवार की रात दो बजे ब्लास्ट कर गया। रात-दिन लोग परेशान रहे।
देर शाम को विद्युत निगम के कर्मचारियों ने फॅाल्ट को ठीक कर आपूर्ति बहाल की। जेई राजकुमार ने बताया कि फीडर में चूहा घुसने से फॉल्ट हो गया था। वहीं, खेमादेई का केबल ब्लास्ट कर गया था। दोनों खराबी को ठीक करा आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
फोटो
तरकुलवा और बंजरिया फीडर का इनकमिंग ब्लास्ट
80 गांवों की आपूर्ति ठप रहने से उपभोक्ताओं को झेलनी पड़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा/देवरिया। विद्युत उपकेंद्र तरकुलवा के दो फीडर का इनकमिंग शनिवार की शाम को ब्लास्ट हो गया, जिससे 80 गांव की सप्लाई पर फिर ब्रेक लग गया। इन गांवों के लगभग बीस हजार उपभोक्ताओं को अंधेरे और उमस भरी गर्मी में रात गुजारनी पड़ी।
132 केवी सब स्टेशन कसया से तरकुलवा बिजली घर को सप्लाई के लिए लगा 33 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का तार शुक्रवार की रात को बेलवा बटेसरा गांव के निकट टूट कर गिर गया, जिससे 200 गांवों की आपूर्ति लगभग नौ घंटे तक ठप रही। विद्युतकर्मियों ने काफी मशक्कत कर इसे ठीक कर आपूर्ति चालू की। इस बीच शनिवार की शाम 4:30 बजे के करीब उपकेंद्र में लगे तरकुलवा और बंजरिया फीडर का इनकमिंग ब्लास्ट हो गया, जिससे एक बार फिर 80 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। तरकुलवा विद्युत उपकेंद्र की बिजली व्यवस्था बार-बार गड़बड़ होने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।