घर में सोए पिता और पुत्र की संदिग्ध हालात में मौत
देवरिया। गौरीबाजार क्षेत्र के ग्राम रैश्री में बुधवार को पिता-पुत्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने आनन-फानन शवों का दाह संस्कार कर दिया। एक साथ पिता-पुत्र की मौत को लेकर ग्रामीण तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। पुलिस ने ऐसे किसी मामले से अनभिज्ञता जताई है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र के ग्राम रैश्री निवासी नेपाल यादव (70) और उनके बेटा विजय कुमार यादव (48) बुधवार को दोपहर में घर में सोए थे। शाम चार बजे तक जब वे नहीं उठे तो पड़ोसी ने आवाज लगाई। कोई आहट न होने पर घर के अंदर गए तो दोनों के शरीर में कोई हरकत नहीं देखी। इसकी सूचना रैश्री चौराहे पर स्थित दूसरे घर पर रह रहे विजय के बेटे राहुल यादव को दी गई। वह भागकर घर पहुंचा।
ग्रामीणों के सहयोग से दोनों को लेकर निजी डॉक्टर के पास ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना के समय राहुल की मां राजमति यादव व बहन एक रिश्तेदारी में गई थीं। राहुल ने उन्हें घटना कर सूचना देते हुए अंत्येष्टि की तैयारी शुरू कर दी। देर शाम राजमति भी बेटी के साथ घर पहुंच गई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से शवों को लेकर राहुल मझना नाला पहुंचा और अंत्येष्टि कर दी। एक साथ पिता-पुत्र की मौत और अंतिम संस्कार में इतनी जल्दबाजी से गांव में कई तरह कर चर्चाएं होने लगीं।
मृतकों के परिवार की तरफ से पुलिस कोई तहरीर नहीं दी गई है। परिजन किसी पर कोई आरोप भी नहीं लगा रहे हैं। पिता-पुत्र के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान भी नहीं थे। थाना प्रभारी दिनेश मिश्रा ऐसी किसी घटना की जानकारी से इन्कार कर रहे हैं। संवाद