दिनदहाड़े दरवाजे पहुंचे करीब डेढ़ दर्जन हमलावरों ने दिया घटना को अंजाम
वायरल वीडियो में जब तक दोनों बेहोश नहीं हो गए तब तब पीटते रहे हमलावर
पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद व दस अज्ञात के विरुद्ध पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
कोतवाली क्षेत्र के रुच्चापार की गांव की है घटना, लोगों में आक्रोश
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। शहर के रुच्चापार में घर में ही दुकान चलाने वाले पिता व पुत्र को खुली पेप्सी की बोतल वापस नहीं करने पर करीब डेढ़ दर्जन लाेगों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडे व रॉड से लैस होकर पहुंचे हमलावरों ने दुकान पर पहुंचते ही बाप-बेटे की पिटाई शुरू कर दी। तब तक पीटते रहे जब तक दोनों बेहोश नहीं हो गए। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश है। दोनों का बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई।
कोतवाली क्षेत्र के रुच्चापार के बाबूराम यादव पुत्र टिकोरी यादव अपने घर में ही किराना दुकान संचालित करते हैं। दुकान में ही गर्मी के मौसम को देखते हुए शीतल पेय पदार्थ रखते हैं। मंगलवार की शाम कुछ युवक पेप्सी लेने दुकान पर आए तो बाबूराम ने उन्हें पेप्सी दे दी। थोड़ी देर बाद खुली पेप्सी वापस करने आए तो बाबूराम ने वापस करने से मना कर दिया।
युवक बाबूराम से बहस पर उतारू हो गए। शोर सुनकर उनका पुत्र सुनील बाहर आया और उन्हें वहां से हटा दिया। युवक अंजाम बुरा भुगतने की धमकी देते हुए चले गए। बाबूराम ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि बेटे के आने के बाद युवक चले गए। शाम को करीब साढ़े पांच बजे मेरी दुकान पर पवन यादव, रोहित यादव, विशाल शर्मा व हरेराम यादव पहुंचे। उनके साथ करीब दस से बारह दोस्त भी थे। उनके हाथों में लाठी, डंडा, रॉड व अन्य सामान मौजूद था।
वे दुकान पर पहुंचते ही मां-बहन की गाली देते हुए जान से मारने की नीयत से मुझे और मेरे बेटे सुनील पर लाठी, डंडे व रॉड से हमला कर दिया। शोर सुनकर मेरी पत्नी व पुत्रवधू बचाने आई तो उनके साथ भी हमलावरों ने अभद्रता की। मेरे बेटे को मरा समझकर मेरी पत्नी कुसुम देवी व पुत्रवधू गुड़िया देवी को जान से मारने की धमकी देते हुए गल्ले में रखे करीब 1200 रुपये निकालकर फरार हो गए।
इधर, मारपीट में बेहोश दोनों बाप-बेटे को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां से डॉक्टरों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां दोनों का इलाज चल रहा है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाल वीपी शर्मा ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गए।
इस संबंध में सीओ संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। हमलावरों की गिरफ्तारी की जाएगी। वायरल वीडियो के आधार पर अज्ञात अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।