देवरिया। सुरौली थाना क्षेत्र के पकड़ी बाजार में सब्जी खरीद रहे व्यक्ति पर गांव के ही पांच लोगों ने हमला कर दिया। इसमें व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद सहित पांच के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
मदनपुर थाना क्षेत्र के अजयपुरा निवासी अशोक चौरसिया (50) सोमवार की शाम को सब्जी खरीद रहे थे। पुलिस को तहरीर देकर उन्होंने बताया कि वह बाजार सब्जी खरीदने गए थे। इसी बीच अजयपुरा गांव के ही बृजभूषण उर्फ भरतभूषण सिंह व चंद्रभूषण पुत्र बलवंत सिंह, शुभम सिंह पुत्र चंद्रभूषण सिंह व दो अन्य लोग पहुंचे और लाठी-डंडे व धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। इससे उनके सिर व सीने पर गंभीर चोटें आईं। शोर मचाने पर लोग जुट गए तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने इस मामले में हत्या करने की नीयत सहित आठ धाराओं में केस दर्ज किया है। एसओ नवीन चौधरी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर तीन नामजद और दो अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।