समितियों से यूरिया उपलब्धता की जानकारी नहीं मिलने से किसान प्राइवेट दुकान से अधिक मूल्य पर खरीद रहे यूरिया
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। किसान अभी तक अच्छी बारिश के इंतजार में थे। अब लगातार मौसम का मिजाज बदल रहा है। साथ ही किसानों को यूरिया की किल्लत झेलनी पड़ रही है। उन्हें पूर्ण रूप से यूरिया उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। सरकार किसानों के लिए योजना बना रही है, लेकिन अधिकारी सरकारी योजनाओं का पलीता लगा रहे हैं।
भागलपुर ब्लॉक में पूर्ण मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध नहीं है। जिससे किसानों को यूरिया को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान 270 रुपये बोरी की यूरिया 450 रुपये में खरीद रहे हैं। भागलपुर ब्लाॅक में पांच सहकारी समितियां यूरिया के लिए अधिकृत हैं। भागलपुर, धरमेर-महलियां, बगहां,अंडिला,सतरांव समितियां ही यूरिया के लिए अधिकृत हैं। बाकी समितियों का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है, जो पांच समितियां अधिकृत हैं, वहां के सचिवों द्वारा किसानों को जानकारी नहीं दी जा रही है कि यूरिया समिति पर है कि नहीं। किसान अनिल सिंह, दीनदयाल सिंह, नाथु यादव,रमेश पांडेय धनंजय मणि, मुन्ना सिंह आदि लोगों का कहना है कि समितियों पर यूरिया है कि नहीं पता नहीं चल रहा है। हल्की बारिश होने से यूरिया की जरूरत है। हम लोग प्राइवेट दुकान से महंगे दाम पर यूरिया खरीद रहे हैं। सरकार कह रही है यूरिया खाद हर जगह उपलब्ध है। प्राइवेट दुकानदार धड़ल्ले से महंगे दाम पर यूरिया बेच रहे हैं।