फोटो समाचार.......
-निर्माण कार्य ठप, प्रदर्शन किया
-कहा, मुआवजा मिलने तक कार्य नहीं होने देंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
लार। रामनगर से दोगारी राजमल तक सड़क निर्माण का कार्य प्रस्तावित है। शनिवार को सड़क निर्माण का कार्य शुरू करने पहुंचे कर्मचारियों को भूमि अधिग्रहण नहीं होने से नाराज किसानों ने खदेड़ दिया। इससे निर्माण कार्य ठप हो गया। किसानों का कहना है कि जब तक भूमि का अधिग्रहण कर मुआवजा नहीं मिलता है। तब तक किसी भी कीमत पर सड़क निर्माण नहीं होने देंगे।
लार-भाटपाररानी मार्ग से रामनगर मोड़ से मटियारा जगदीश, दोगारी मिश्र, पटनेजी होते हुए दोगारी राजमल तक सड़क बननी है। साथ ही चौड़ीकरण होना है। टेस्टिंग के तौर पर एफडीआर तकनीक से सौ मीटर तक सड़क दोगारी राजमल के समीप बन चुकी है। किसानों का आरोप है कि सड़क की चौड़ाई पहले से 20 कड़ी है। 13 फुट का पिच रोड है। जबकि काश्तकारों की बिना भूमि का अधिग्रहण व मुआवजा दिए 30 फुट यानी 45 कड़ी में बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जब कि हलका लेखपाल ने इसकी सही आख्या दी है। बावजूद किसानों की कोई नहीं सुन रहा है।
किसानों ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व विभाग के अधिकारियों को पत्र भेजकर भूमि अधिग्रहण करने की गुहार लगा चुके हैं। इधर, पांच दिन पूर्व सड़क निर्माण के लिए विभाग के कर्मचारी मशीन लेकर पहुंचे। शनिवार को सुबह कार्य शुरू था। इसकी भनक किसानों को लगी तो मौके पर पहुंच कार्य रोककर कर्मियों को खदेड़ दिया। इसके बाद प्रदर्शन किया।
इस दौरान कन्हैया दूबे, संजीव द्विवेदी, सुरेश गुप्ता, उषा देवी, अनिता देवी, मंजू देवी, महेंद्र गुप्ता, बदन, प्रभाकर दूबे, छट्ठू गोंड, हरिलाल गोंड, रामजी दूबे, जनार्दन दूबे आदि किसान मौजूद रहे।
ऐसे बनती है एफडीआर तकनीक से सड़क
फुल डेप्थ रिक्लेमेशन (एफडीआर) एक रिसाइकिलिंग पद्धति है। इससे बहुत ही कम संसाधनों में टिकाऊ सड़कें बनाई जा सकती हैं। खराब हो चुकी पक्की सड़क को उखाड़कर उससे निकलने वाले मैटेरियल में केमिकल मिलाकर नया मैटेरियल तैयार किया जाता है। फिर उसे सड़क पर डाल दिया जाता है। इसके बाद सड़क तैयार हो जाती है।
असमंजस में किसानों ने नहीं बोई थी फसल
काश्तकार कन्हैया लाल दूबे ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर दोनों तरफ मिट्टी फेंकी गई है। इससे किसानों की कई एकड़ भूमि सड़क में चली गई। किसानों को उम्मीद थी कि सड़क निर्माण से पहले अधिग्रहण होगा। इस असमंजस में किसानों ने फसल नहीं बोई थी। इससे उनका नुकसान हुआ है।