देवरिया-गाेरखपुर मार्ग के सिरजम के पास से निकलने वाले 22 किमी बाईपास के लिए मुआवजा संघर्ष समिति ने की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। देवरिया-गाेरखपुर मार्ग के सिरजम के पास से निकलने वाले 22 किमी बाईपास के लिए निकल रही किसानों की भूमि को लेकर मुआवजा संघर्ष समिति ने रविवार को बैठक की। इसमें किसानों ने छह अगस्त से 14 सितंबर तक विभिन्न गांवों में जनसभा कर किसानों को जागरूक करने का फैसला किया। किसानों की मांग है कि बाजार मूल्य पर उन्हें मुआवजा दिया जाए।
भूमि बचाओ संघर्ष समिति के नेतृत्व में बाईपास एनएच-727ए के निर्माण से प्रभावित किसान जनता का समर्थन पाने के लिए अलग-अलग तिथियों में सभा करने के लिए विक्रम पब्लिक इंटर कॉलेज महुआनी चौराहे पर बैठक की। बैठक में रणनीति बनाई गई कि 6 अगस्त को गौरा चौराहे पर शाम चार से 6 बजे तक, 13 अगस्त को महुआनी चौराहा पर जनसभा, 20 अगस्त को शंभू चौराहा, देवरिया मीर, 27 अगस्त 2023 को धनौती चौराहा, 3 सितंबर को बैतालपुर ब्लॉक के सामने, 10 सितंबर को परसिया माल चौराहे पर जनसभा होगी। इसके बाद 14 सितंबर की शाम चार से छह बजे तक मुड़ेरा बुजुर्ग अहिलवार तिराहा पर जनसभा होगी।
संघर्ष समिति के संयोजक अजीत कुमार त्रिपाठी ने कहा कि सरकार से किसानों ने आर-पार की लड़ाई का मूड बना लिया है। प्रशासन सर्किल रेट पर मूल्य पर भुगतान की बात कर रहा है, जबकि किसान बाजार मूल्य पर भुगतान की मांग कर रहे हैं। प्रशासन को 20 जुलाई तक का समय दिया गया था जो बीत चुका है। अब आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। इस दौरान सुरेंद्र शात्री, कृष्णकांत तिवारी, हंसनाथ यादव, विशुन देव यादव, प्रभाकार मणि, दूधनाथ मणि, चंदन मिश्रा, डा. अजय चौरसिया, सुग्रीव मिश्र, राजेश मिश्र और वीरेंद्र यादव आदि मौजूद थे।