हमलावरों में एक गैंगस्टर का आरोपी, घायल का मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
देवरिया। एक गांव में ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहे 40 वर्षीय एक किसान पर गांव के कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल किसान का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बढ़ई पुरवा गांव निवासी किसान जगन्नाथ यादव अपने गांव में ट्रैक्टर से भाड़े पर गांव के एक व्यक्ति के खेत की जुताई कर रहे थे। इसी बीच किसी बात को लेकर खार खाए आधा दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी डंडे एवं धारदार हथियार सहित पिस्टल से लैस होकर उनके ऊपर जानलेवा हमला बोल दिए। ट्रैक्टर से नीचे खींचकर वह उनकी पिटाई करने लगे।
यह देखकर आसपास के लोग शोर मचाने लगे। हमलावर घायल को मरणासन्न स्थिति में छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों एवं परिजनों ने किसान को गौरी बाजार सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मेडिकल कॉलेज देवरिया के लिए रेफर कर दिया। पीड़ित किसान ने पुलिस को तहरीर दी है। बताया कि हमलावरों में एक गैंगस्टर तथा जिला बदर का आरोपी भी है। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।