भलुअनी क्षेत्र के लंगड़ा बाजार के भगवानपुर टोला के राकेश चौहान की करीब दो माह पहले वेनेजुएला जाते समय पानी के जहाज में संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। वेनेजुएला में राकेश के शरीर से कई अंग निकाले जाने का मामला अब तूल पकड़ चुका है।
शनिवार को राकेश के परिवार वाले डीएम मधुसूदन हुल्गी से मिलकर वेनेजुएला और देश में कराए गए पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अलावा अन्य दस्तावेज सौंपकर कार्रवाई की मांग की। डीएम को दिए गए दस्तावेजों के आधार पर एक्सफिनिटी कंपनी पर कार्रवाई होना तय माना जा रहा है।
भगवानपुर टोला निवासी रामदेव चौहान, बहू रंजना देवी और पूर्व प्रधान घनश्याम सिंह महत्वपूर्ण कागजात के साथ डीएम से मिलकर एक्सफिनिटी कंपनी पर कार्रवाई की मांग की।
राकेश के पिता रामदेव चौहान ने बताया कि डीएम से अनुमति लेकर बेटे के शव को दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया था। उन्होंने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया है। राकेश के पिता रामदेव चौहान मुंबई में कारोबार करते हैं। पूरा परिवार मुंबई में रहता है। रामदेव के बड़े बेटे राकेश दूसरी बार एक्सफिनिटी कंपनी की ओर से पानी वाले जहाज से वेनेजुएला रवाना हुए थे।
छह मई को राकेश के साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने फोन पर राकेश की तबीयत खराब होने की सूचना दी थी। सात मई को मौत होने की सूचना आई थी। पिता ने बताया कि चार जून को शव गांव लाया गया था।