देवरिया। स्पोर्ट्स स्टेडियम के भारोत्तोलन खिलाड़ी प्रसिद्धि यादव और अतुल मद्धेशिया का चयन ओलंपियन कर्णम मल्लेश्वरी के यमुना नगर स्थित एकेडमी में हुआ है। तीन माह पूर्व उन्होंने इसके लिए चयन ट्रायल दिया था। अब घोषित परिणाम में इनके नाम फाइनल हुए हैं। दोनो खिलाड़ी वहां जाने के लिए बुधवार को प्रस्थान भी कर गए।
रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम का भारोत्तोलन प्रशिक्षण शिविर पिछले एक माह से विभागीय प्रशिक्षक के कौशांबी तबादला हो जाने से के चलते बंद कर दिया गया है। हालांकि यहां की खिलाड़ी प्रसिद्धि यादव पुत्री रामवृक्ष यादव टीएसआई निवासी पुलिस लाइन ने 49 किलो भार वर्ग में, एवं गौरीबाजार क्षेत्र के बखरा खास निवासी अतुल मद्धेशिया पुत्र सतवंत मद्धेशिया 98 किलोग्राम भार वर्ग में मार्च महीने में यमुनानगर स्थित भारोत्तोलन एकेडमी में चयन के लिए ट्रायल दिया था। इनके प्रशिक्षक रहे एवं वर्तमान में कौशांबी जनपद के प्रभारी क्रीड़ाधिकारी रवि कुमार शर्मा ने बुधवार को बताया कि दोनों ने कई स्टेट चैंपियनशिप में अपने जनपद व मंडल के लिए पदक जीता है। दोनों काफी परिश्रमी खिलाड़ी हैं और तकनीक भी अच्छी है। कर्णम मल्लेश्वरी के एकेडमी में इन्हें साई के प्रशिक्षक की देखरेख में प्रशिक्षण, आवासीय सुविधा, भोजन, खेल कीट आदि की व्यवस्था निशुल्क उपलब्ध होगी और इनके प्रदर्शन में भी भविष्य में सुधार दिखेगा। साथ ही आने वाले दिनों में यह देश के लिए भी पदक जीतेंगे।
-
सिडनी ओलंपिक में देश की ओर से एकमात्र पदक जीत बढ़ाया था मान
आंध्र प्रदेश की कर्णम मल्लेश्वरी भारत की महिला भारोत्तोलक हैं। वर्ष 2000 के सिडनी ओलंपिक में वेटलिफ्टिंग में इन्होंने कुल 240 किलोग्राम में स्नैच श्रेणी में 110 किलोग्राम व क्लीन एंड जर्क में 130 किलोग्राम भार उठाकर कांस्य पदक जीता था। इसके साथ ही ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली प्रथम महिला खिलाड़ी भी बनीं।