मॉडल शॉप से फर्जी आबकारी इंस्पेक्टर पकड़ा गया
खुद को बता रहा था इंस्पेक्टर मांग रहा था रुपया
संदेह होने पर पहुंची पुलिस तो, सच्चाई हुई उजागर
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सीसी रोड मॉडल शॉप पर आबकारी इंस्पेक्टर बनकर वसूली करने पहुंचे एक युवक को पुलिस ने आबकारी विभाग की मदद से दबोच लिया गया। हिरासत में लिए गए युवक ने पुलिस की पूछताछ में खुद को गोरखपुर का निवासी और मत्स्य विभाग का कर्मचारी बताया है। सेल्समैन ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी बार-बार बयान बदल रहा है। आबकारी विभाग के मॉडल शॉप पर बृहस्पतिवार की शाम को एक युवक पहुंचा। काउंटर पर बैठे सेल्समैन से खुद को आबकारी विभाग का इंस्पेक्टर बताते हुए मॉडल शॉप की जांच शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे अनुज्ञापी ने इसकी जानकारी सदर आबकारी इंस्पेक्टर अमरेंद्र सिंह को दी। कुछ देर बाद आबकारी इंस्पेक्टर को देखकर युवक सहम गया। नशे में धुत युवक खुद को मत्स्य विभाग का कर्मचारी बताते हुए अपनी गलती स्वीकार की। मौके पर पहुंची पुलिस उसे कोतवाली लाकर पूछताछ की तो उसने अपना पता गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थानाक्षेत्र के एक गांव में बताया। सेल्समैन ने पुलिस को तहरीर दी है। चर्चा है कि आबकारी विभाग के एक कर्मचारी की शह पर युवक शराब की दुकानों से वसूली करता था। कोतवाल अरुण मौर्य ने बताया कि तहरीर मिली है। हिरासत में लेकर युवक से पूछताछ की जा रही है।