15 लाख की लागत से बन रहा अमृत सरोवर, गांव वालों ने सीडीओ से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
एकौना। मनरेगा मजदूरों के हक पर जिम्मेदार ट्रैक्टर चला रहे हैं। भगवान माझा गांव में मजदूरों से खुदाई कराने की जगह जेसीबी और ट्रैक्टर से खुदाई कराई जा रही है। गांव में बन रहे अमृत सरोवर में ट्रैक्टर से खुदाई कराने पर गांव वालों ने सीडीओ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
भगवान माझा गांव में दस दिन पूर्व भूमि पूजन कर अमृत सरोवर का निर्माण कार्य शुरू हुआ। करीब 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अमृत सरोवर में जल संचय और बगल में गांव वालों के भ्रमण करने योग्य स्थल बनाया जाना है। सरोवर की खुदाई मनरेगा मजदूरों से ही कराई जानी थी। गांव के भोलेनाथ, अक्षयवर, निर्मल यादव, रामकिशुन ने आरोप लगाया कि रात में जेसीबी लगाकर सरोवर की खुदाई कर दी गई। खुदाई में एक दिन भी मनरेगा मजदूर नहीं लगाए गए। अब सरोवर की तलहटी को ट्रैक्टर से समतल किया जा रहा है। जिसका वीडियो बनाकर ग्रामीणों ने सीडीओ से शिकायत की। कहा कि सरोवर निर्माण में जमकर धांधली की जा रही है। मौके पर तकनीकी सहायक से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने मनरेगा मजूदरों की जगह मशीन से खुदाई कराने पर जांच कर कार्रवाई की मांग की है। एडीओ पंचायत देवेंद्र पटेल ने कहा कि भगवान माझा गांव में अमृत सरोवर की मशीन से खुदाई करने की सूचना मिली है। तकनीकी सहायक को तलब किया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।