तरकुलवा थाना क्षेत्र के एक सहायता प्राप्त विद्यालय के पूर्व प्रबंधक का बेटा है आरोपी
चार दिन पहले भी गांव के लोगों ने तोड़ा था आरोपी की कार का शीशा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया।
तरकुलवा थाना क्षेत्र के एक सहायता प्राप्त विद्यालय के पूर्व प्रबंधक के बेटे को शनिवार को कुछ ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में घुसकर जूते-चप्पल और लात-मुक्के से जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि पूर्व प्रबंधक के बेटे का एक छात्रा के साथ अश्लील वीडियो वायरल होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। कुछ दिन पहले भी ग्रामीणों ने आरोपी की कार पर हमला कर उसका शीशा तोड़ दिया था। हालांकि अब तक किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
थाना क्षेत्र के एक सहायता प्राप्त विद्यालय के पूर्व प्रबंधक के बेटे का एक छात्रा के अश्लील फोटो और वीडियो कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद से ही आसपास के गांवों के लोगों में आरोपी प्रबंधक के बेटे के खिलाफ काफी गुस्सा है। बताया जा रहा है कि पीड़ित छात्रा के परिजन लोकलाज के चलते पुलिस में इसकी शिकायत नहीं करना चाहते हैं, वहीं आरोपी के परिवार के लोग इस मामले को दबाने के प्रयास में लगे हैं। लेकिन ग्रामीणों में आरोपी के खिलाफ काफी गुस्सा है। इसीलिए कुछ दिन पहले भी ग्रामीणों ने हमला कर आरोपी की कार का शीशा तोड़ दिया था।
उधर, सीओ संजय कुमार रेड्डी का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।