जीआईसी से अटल आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थी।संवाद
देवरिया। अटल आवासीय विद्यालय पिपरा सहजनवा की ओर से रविवार को प्रवेश परीक्षा का आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज में हुआ। आए कुल 80 सवालों में परीक्षार्थियों को गणित के सवालों ने खूब उलझाया। पंजीकृत कुल 113 में केवल एक अभ्यर्थी इसमें शामिल नहीं हुआ। श्रम विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारियों की देखरेख में रविवार को अटल आवासीय विद्यालय पिपरा सहजनवा में कक्षा छह में प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित हुई। शहर में बने एकमात्र केंद्र जीआईसी से दोपहर एक बजे परीक्षा देकर निकली मधवापुर सलेमपुर की दीपशिखा ने बताया कि गणित और मानचित्रों पर आधारित व अंग्रेजी के सवाल कठिन लगे। परशुराम चौक के आदित्य यादव ने कहा कि मानसिक योग्यता परीक्षण, गणित, भाषा परीक्षण, विज्ञान, अंग्रेजी को मिलाकर कुल 80 सवाल आए थे। इसके लिए प्रत्येक सवाल के लिए एक-एक नंबर निर्धारित रहे। गणित के सवाल हल करने में ज्यादा समय लगा, कुछ सवाल समझ में ही नहीं आए। भीखमपुर क्षेत्र के कुरमहा की स्नेहा चौहान ने बताया कि गणित ही सबसे कठिन लगा, मानसिक योग्यता के सवाल आसान प्रतीत हुए। कुल 80 सवाल थे, और सारे किए भी। परीक्षा के बाद श्रम प्रवर्तन अधिकारी शशि सिंह व नायब तहसीलदार सदर ने उत्तर पुस्तिकाओं को सील पैक कराया। उधर जीआईसी के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि परीक्षा सकुशल एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई हैं। केवल एक परीक्षार्थी इसमें शामिल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि सहजनवा में खुले इस विद्यालय में नामांकन के लिए पहली बार प्रवेश परीक्षा का आयोजन हो रहा है। इसमें आवेदन करने वाले परीक्षार्थी भी श्रमिक परिवारों से ही संबंध रखने वाले हैं।
एकीकृत छात्रवृत्ति परीक्षा में शामिल हुए 110 परीक्षार्थी
देवरिया। राजकीय इंटर कॉलेज में रविवार को एकीकृत छात्रवृत्ति परीक्षा एक पाली में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक हुई। जीआईसी के प्रधानाचार्य पीके शर्मा ने बताया कि इस परीक्षा के लिए 163 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। कक्ष संख्या 15 में अनुक्रमांक 350001 से 350045, कक्ष संख्या 16 में 350055 से 350114 एवं कक्ष संख्या 17 में 350115 से 350163 अनुक्रमांक के परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इसमें 110 उपस्थित एवं 53 अनुपस्थित रहे।