- विकास और तरकुलवा कस्बे की जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान और वोटरों का सम्मान बना चुनावी मुद्दा
संवाद न्यूज एजेंसी
कंचनपुर। निकाय चुनाव की तारीख ज्यों-ज्यों नजदीक आ रही है, त्यों-त्यों मतदाता मुखर होते जा रहे हैं। विकास, तरकुलवा कस्बा के जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान और मतदाताओं के सम्मान को लेकर सवाल दागे जा रहे हैं। प्रबुद्ध मतदाता चुनावी हवा के रुख को किसी तरफ बदल देने में सक्षम नजर आ रहे हैं। इसके चलते निर्दलीय समेत सभी दल के प्रत्याशी इन पर डोरे डालने के प्रयास में जुटे हुए हैं। नवसृजित नगर पंचायत तरकुलवा में अबकी पहली बार 11452 मतदाता अध्यक्ष और 15 सभासदों का चुनाव करेंगे।
चुनावी माहौल को अपने पक्ष में मोड़ने के लिए अध्यक्ष और सभासद पद के सभी प्रत्याशी समग्र विकास और तरकुलवा कस्बे के जलनिकासी की व्यवस्था का वादा कर रहे हैं। पर, इस सबके बीच हर वर्ग का प्रबुद्ध मतदाता विकास, कस्बे के जलनिकासी की समस्या के स्थायी समाधान के साथ-साथ अपने सम्मान की बात कह रहे हैं। इस बार वह उसी प्रत्याशी को मतदान करेंगे, जो समग्र विकास को अमली जामा पहनाने के साथ उनका सम्मान करेगा।
विकास एक सतत प्रक्रिया है, चुनाव जीतने के बाद प्रत्येक अध्यक्ष और सभासद प्राप्त बजट के अनुरूप विकास कार्य करेंगे। सबसे अहम मुद्दा है, तरकुलवा कस्बा के जलनिकासी की समस्या का स्थाई निदान हो, हम ऐसे उम्मीदवार को नगर पंचायत का अध्यक्ष बनाएंगे जो विकास और जलनिकासी की समस्या का निदान कराने के साथ ही हर वर्ग के लोगों का सम्मान करे।
-विजय शंकर त्रिपाठी, तरकुलवा
नगर पंचायत का अध्यक्ष हम ऐसे व्यक्ति को चुनेंगे जो नगर पंचायत की हर छोटी-बड़ी समस्या को जो दूर करा सके। जो जाति के नाम पर बात न करता हो और प्रत्येक नागरिक का सम्मान करता हो। जो अपने राजनीतिक स्वार्थों के चलते आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करता हो उसे हरगिज अपना मत नहीं देंगे।
रामकृपाल राव, कनकपुरा तरकुलवा
-
ऐसे व्यक्ति के हाथ में नगर पंचायत की सरकार देंगे, जो युवाओं, व्यवसायियों और सर्वसमाज के उत्थान की बात करे। युवाओं के लिए जिसके पास सकारात्मक सोच हो। समग्र विकास, जलनिकासी की समस्या का समाधान और भाईचारा स्थापित करने वाले प्रत्याशी को हम बहुमूल्य मत देंगे।
भोलू मोदनवाल, तरकुलवा
-
जो प्रत्याशी एकता का पक्षधर होगा। युवाओं के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने की बात करेगा और हर जाति, धर्म के लोगों का आदर करेगा, उसे हम मत देकर अध्यक्ष चुनेंगे।
गुड्डू सिद्दीकी, दुबेटोला, तरकुलवा