तरकुलवा। नगर पंचायत के वार्ड नंबर दो गांधी नगर में स्थित शिव मंदिर की भूमि से अतिक्रमण को भू-स्वामी की सहमति से नगर पंचायत प्रशासन ने शनिवार को हटवा दिया। अब मंदिर के सुंदरीकरण के कार्य का रास्ता साफ हो गया है। नगर पंचायत के वार्ड दो गांधी नगर कनकपुरा में स्थित प्राचीन शिव मंदिर के सुंदरीकरण का कार्य वंदन योजना के तहत कराया जाना है। इसके लिए नगर पंचायत अध्यक्ष जनार्दन कुशवाहा के प्रयास और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की पहल पर 1.26 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हुई है लेकिन मंदिर परिसर की सीमा क्षेत्र में नगर पंचायत वार्ड-6 देवीनगर निवासी जितेंद्र कुंवर ने टीन शेड डालकर अस्थायी अतिक्रमण कर रखा था। जिसे हटाने के लिए राजस्व विभाग की टीम से भूमि का सीमांकन कराकर नगर पंचायत प्रशासन ने नोटिस चस्पा कर तीन दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने को कहा था। इसी क्रम में आरोपी जितेंद्र ने शनिवार को स्वयं अतिक्रमण हटाने की इच्छा व्यक्त की। इसके बाद नगर पंचायत प्रशासन ने अपने सफाई कर्मचारियों को लगाकर अतिक्रमण हटवा दिया। संवाद