देवरिया-गोरखपुर मुख्य मार्ग के अलावा शहर में कई जगह सड़क पर है बालू और गिट्टी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सड़क के किनारे मोरंग, बालू, ईंट और भवन सामग्री रखने वालों के विरुद्ध नगर परिषद सख्त है। नगर परिषद में ऐसा करते पाए जाने पर 5000 से 50,000 तक जुर्माना लगाने का प्रावधान बनाया है।
इसके बाद भी दुकान बेखौफ होकर सड़क के किनारे, मुख्य मार्ग के किनारे धड़ल्ले से बिल्डिंग मैटरियल की दुकान सजाते हैं। उनके द्वारा सड़क के किनारे बालू, गिट्टी, ईंट रखने से हवा के साथ उड़ कर जा रहे उसके कण लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं। नगर पालिका ने आदेश परित किया है कि सड़कों पर मोरंग बालू, गिट्टी रखने पर पांच हजार से पचास रुपये का जुर्माना लगेगा।
सड़क किनारे निर्माण सामग्री की दुकानें बढ़ा रहीं परेशानी
शहर के सीसी रोड, पुरवा चौराह, देवरिया-गोरखपुर बाईपास पर कई जगह बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान लगाने वाले सड़क के किनारे गिट्टी व बालू रखकर बेच रहे हैं। तेज हवा चलने पर बालू उड़कर सफर करने वालों वालों को दिक्कत हो रही है। इस पर ध्यान दिए जाने की जरूरत है, नहीं तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
लाख सख्ती के बाद भी लोग फेंक रहे सड़कों पर कूड़ा
क्षेत्र की कई कॉलोनियों में कूड़े के अंबार लगने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग अपने घरों के बाहर कूड़ा फेंक दे रहे हैं। इसको देखते हुए नगर पालिका की ओर से सार्वजनिक जगहों पर गंदगी फैलाने पर 500 और पुनरावृत्ति करने पर एक हजार जुर्माना वसूलने की बात कही है।
किसी दुकानदार के पास नहीं दिखता डस्टबिन
शहर के विभिन्न सड़कों और गलियों में सड़क के किनारे ठेले पर चाट, फल, मोमोज, चाउमीन, अंडा आदि बेचने वाले दुकानदारों के पास डस्टबिन नहीं होता है। दुकानदार दिन भर गंदगी फैलाते हैं। देर शाम ठेला लेकर घर चले जाते हैं। इसके कारण गंदगी सड़कों से होकर नालियों में पहुंच जाती है। इसके बाद नाली जाम होने से गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है। हालांकि, इसपर पर नगर पालिका द्वारा 500 से एक हजार का जुर्माने का प्रावधान है। लेकिन, जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते दुकानदार मनमानी करते रहते हैं।
पटरी तक है दुकानदारों का कब्जा
शहर में दुकानें खुलने के साथ ही मोतीलाल रोड, मोहन रोड, तिलक रोड, अंसारी रोड, राघव नगर, छहमुखी चौराहा और पेड़ा गली में सड़क के पटरियों तक दुकानदारों का कब्जा हो जाता है। वहीं, दुकानदारों व ग्राहकों की बाइक से आधा सड़क अतिक्रमण हो जाता है। इसके चलते पूरे दिन जाम और विवाद की स्थिति बनी रहती है। इससे नालियों की सफाई करने में नपा कर्मियों को दिक्कत होती है। इसको लेकर आये दिन दुकानदारों और कर्मियों में झड़प देखी जाती है। शहर की सड़कों पर कब्जा करने पर जुर्माने की कार्रवाई सिर्फ कागजों में सिमट कर रह गई है। इससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नगर पालिका अतिक्रमण करने पर पकड़े जाने पर 5000 से 50,000 रुपये का जुर्माना वसूल करेगी।
दुर्घटना की बनी रहती है आशंका
तेज हवा के चलते धूल के साथ बालू के कण उड़ रहे हैं। इससे आने-जाने वाले लोगों की मुसीबत बढ़ गई है। सबसे ज्यादा परेशानी सफर कर रहे लोगों को झेलनी पड़ रही है। कारण यह है कि बालू उड़कर आंखों में पड़ जा रहा है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। मार्ग पर जिन लोगों के घर या दुकान हैं, वह भी इस बालू की धूल उड़ने से खासे परेशान हैं।
बोले लोग
सड़क किनारे बालू गिराए जाने से आना-जाना मुश्किल हो गया है। तेज हवा के साथ राख व बालू उड़कर आंखों में पड़ रहा है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। जुर्माना लगाए जाने से लोग सड़कों से मोरंग बालू और गिट्टी रास्ते से हटाएंगे।
-उमेश यादव, शहर निवासी
जुर्माना लगाने से दुकानदारों द्वारा सड़क पर अतिक्रमण कम होगा। इसके चलते सड़कों पर जाम की स्थिति नहीं बनेगी। समय की बचत होगी।
-रवि वर्मा, शहर निवासी
कोट
सड़क किनारे जो लोग बालू रखकर व्यवसाय कर रहे हैं, उन्हें चिह्नित कर पीछे कराया जाएगा। ताकि लोगों को परेशानी से बचाया जा सके। इसके बाद भी दुकानदार नहीं मानेंगे उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
-अंकिता शुक्ला, ईओ, नगर परिषद