संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। विकासखंड बैतालपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत बलुआ में शुक्रवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें राजस्व, विकास, स्वास्थ्य, पशुधन और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई और ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण किया गया। जिला विकास अधिकारी रवि शंकर राय ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाया जाए, इससे कोई वंचित न रहे।
उन्होंने लेखपाल अनूप कुमार एवं ग्राम सचिव आलोक कुमार त्रिपाठी को निर्देश दिया कि कोई भी गरीब मुख्यमंत्री आवास योजना, शौचालय व पेंशन योजना से वंचित न रहे। कहा कि ग्राम प्रधान नल खराब हो तो शीघ्र मरम्मत करा दें। सभी को राशन मिले, अगर कोई वंचित हो तो कोटेदार एवं ग्राम सचिव निराकरण करें। उन्होंने गांव में आवंटित आयुष्मान कार्ड की भी समीक्षा की। खंड विकास अधिकारी राजीव गुप्ता ने पेंशन से संबंधित आई पांच शिकायतों का मौके पर निराकरण किया। प्रधानमंत्री सम्मान निधि की दो शिकायतों का निराकरण जल्द कराने का आश्वासन दिया। पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकांत तिवारी ने कहा कि पशु क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए पशु पालक आवेदन पत्र दें। कहा कि गोवंशीय पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान सेक्स सार्टेट सीमेन से करवाएं, जिससे 90 प्रतिशत बछिया ही उत्पन्न हो। इस दौरान विनय कुमार पांडेय, श्रेया राय, रिंकू गुप्ता, आशा वंदना चौहान, संगीता देवी, रेखा देवी और मिथिलेश सिंह आदि मौजूद थे।