संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। देसही देवरिया विकास खंड क्षेत्र में बिजली कटौती से इन दिनों लोग त्रस्त हो चुके हैं। बिजली कब आएगी और कब चली जाएगी, इस बात का कोई शेड्यूल नहीं है। दिन में तेज धूप और रात को भीषण गर्मी की चलते लोग रात भर चैन से सो नहीं पा रहे हैं।
देसही देवरिया क्षेत्र में इमिलिया विद्युत उपकेंद्र के बिजली सप्लाई मिलती है। कई दिनों से बिजली सप्लाई में भारी अघोषित कटौती हो रही है। इस समय बिजली कब आएगी और कब चली जायेगी, इस बात का कोई भरोसा नहीं है। दिन में तेज धूप व रात को भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से उपभोक्ता बिलबिला उठे हैं। लोगों का कहना है कि बिजली सप्लाई आने पर भी वोल्टेज इतना कम रह रहा है कि पंखे किसी तरह डोल रहे हैं। लोगों की यह भी शिकायत है कि उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता किसी उपभोक्ता की शिकायत नहीं सुन रहे हैं। न ही उसके समाधान को लेकर रुचि दिखा रहे हैं।