विद्युत कर्मचारी पिता-पुत्र की वाहन की चपेट से मौत
पिता आठ माह पहले हो चुके थे रिटायर तो पुत्र की संविदा पर थी नौकरी
संवाद न्यूज एजेेंसी
देवरिया। देवरिया-सलेमपुर मार्ग पर पिता-पुत्र बाजार से घर लौटते समय बुधवार को बनियापार मोड़ के पास वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पिता आठ माह पहले रिटायर हुए थे तो पुत्र संविदा पर ही विद्युत कर्मचारी थे।
सदर कोतवाली क्षेत्र के बनियापार गांव निवासी अजीत यादव (35) उसरा बाजार में संविदा पर विद्यत कर्मचारी थे। उनके पिता ओमप्रकाश यादव (65) भी विद्युत कर्मचारी थे, जो आठ माह पहले बहराइच से रिटायर हुए थे।
बुधवार की शाम करीब पांच बजे पिता-पुत्र एक ही बाइक पर सवार होकर सोनूघाट बाजार करने आए थे। घर लौटते समय वह बनियापार मोड़ के पास सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान सलेमपुर की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे वाहन की चपेट में आने गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने परिजनों को इसकी सूचना देकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पिता-पुत्र दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मौत की जानकारी होने पर अजीत यादव पत्नी फुलकुमारी और मां सोना देवी सहित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था। ओमप्रकाश के दो पुत्र अजीत यादव और सुदामा यादव थे। इसमें वह बड़े पुत्र के साथ शाम को बाजार गए थे। छोटा पुत्र सुदामा यादव बहराइच में संविदा पर विद्युत कर्मचारी है। घटना के बाद लोगों ने वाहन तथा उसके चालक को पकड़कर लोगों ने पुलिस को सौंप दिया।
सड़क हादसे में महिला घायल
कपरवार। स्थानीय चौराहा स्थित यूपी-बड़ौदा बैंक के निकट बुधवार को अज्ञात वाहन की चपेट से मनियापार गांव निवासी शालिनी सिंह (25) पत्नी जितेंद्र सिंह घायल हो गईं। जिन्हें 108 नंबर एंबुलेंस से इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। शाम को जितेंद्र सिंह पत्नी की दवा कराकर बाइक से वापस घर जा रहे थे। इसी बीच बैंक के निकट विपरीत दिशा से आ रही तेज और अनियंत्रित वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे शालिनी घायल हो गईं। हादसा देखकर आसपास के लोग जुट गए। संवाद