दिनभर आग लगने की हो रही घटनाओं के कारण कट रही थी अब रात में भी कटौती
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। गर्मी के दस्तक देते ही विद्युत कटौती भी हो रही है। कटौती का आलम यह है कि दिनभर आग लगने की घटनाओं के चलते तो रात में मनमानी तरीके से कटौती की जा रही है। इससे क्षेत्र के 250 गांवों के उपभोक्ताओं में नाराजगी है। हालांकि, निगम के जिम्मेदार गेहूं की फसल में आग लगने की घटनाओं के चलते कटौती की बात कह रहे हैं।
सलेमपुर 132 केवीए ट्रांसमिशन से खुखुंदू बिजली घर पर सप्लाई आती है। यहां चार फीडरों बैदौली, सोनबरसा, नूनखार और गड़ेर के माध्यम से खुखुंदू, परसिया मिश्र, बैरौना, मुसैला चौराहा, नूनखार,सिसई, पड़री, सोनबरसा,एकडंगा, बरसात, बीरपुर मिश्र एकडंगा, बैरौना, मुसैला, सिसई, पड़री सहित तकरीबन 250 गांवों की विद्युत आपूर्ति की जाती है। इन दिनों बिजली का आलम यह है कि दिनभर में बमुश्किल एकाध घंटे ही बिजली मिल रही है। जबकि रात में भी अनगिनत बार कटौती की जा रही है।
पता करने पर कभी रोस्टरिंग तो कभी फाॅल्ट के नाम पर कटौती करने की बात कही जा रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि दिनभर अगर बिजली नहीं मिल रही है तो कम से कम रात में तो ठीक से मिलनी चाहिए। लेकिन, ऐसा नहीं हो रहा है। लोगों ने निगम के जिम्मेदारों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए क्षेत्र में लगे विद्युत खंभों का जंपर चेक कर उसे दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
वर्जन
दिनभर आग लगने की घटनाओं पर विराम लगाने के लिए कटौती की जा रही है। रात में भी खेतों में कंबाइन जाने पर जहां 11 हजार का विद्युत तार है वहां लोग फोन कर बिजली कटवा रहे है। जैसे फसल कट जाएगी। आपूर्ति दिन में भी सुचारु रूप से मिलने लगेगी।
-उमेश चंद, जेई
इनसेट.....
शाम होते ही गांवों में हो जाता है लो वोल्टेज
खुखुंदू। अब गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। लो वोल्टेज की समस्या शुरू हो गई हैं। शाम होते ही घरों में लगे विद्युत उपकरण काम करना बंद कर दे रहे है। ऐसे में उपभोक्ता परेशान हो जा रहे हैं।
खुखुंदू क्षेत्र में इन दिनों शाम होते ही लो वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो जा रही है। नतीजा यह है कि शाम से लो वोल्टेज से जूझ रहे उपभोक्ताओं को देर रात को ही जाकर राहत मिल रही है। इससे घरों में लगे इन्वर्टर और मोटर समय पर काम नहीं आ रहे हैं।
निगम के जिम्मेदारों से बात करने पर उनका कहना है कि ओवरलोड के चलते लो वोल्टेज की समस्या है। जबकि कर्मचारियों की बातों पर गौर करें तो गांवों में आधा-अधूरा केबलिंग होने से लो वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो रही है। अभी केबलिंग कार्य पूर्ण हो जाए तो लो वोल्टेज की दिक्कत समाप्त हो जाएगी। गांवों में कुछ जगहों पर केबलिंग कर कुछ क्षेत्रों में छोड़ दिया गया है।