फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, आंधी से बिजली पर आफत

Fri, 21 Jun 2024 02:24 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
तरकुलवा क्षेत्र के नरहरपट्टी व छितौनी गांव में बिजली तारों पर गिरे पेड़ ।संवाद
विज्ञापन
रात में हुई बारिश से तापमान में आई कमी, बिजली के खंभों पर गिरे पेड़, कई जगह आपूर्ति रही बाधित
विज्ञापन

- फोटो

संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बुधवार की रात में आंधी के साथ बारिश से मौसम सुहावना हो गया। रात साढ़े बारह बजे दो से तीन घंटे हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई है। इससे एक सप्ताह से भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली। वहीं, आंधी और बारिश से जिले में कई स्थानों पर पेड़ व डालियां टूट कर बिजली के तार और खंभों पर गिरीं। इससे आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली निगम के कर्मी आपूर्ति शुरू करने में जुटे रहे। किसानों के चेहरे खिल गए।
एक सप्ताह से भीषण गर्मी पड़ रही थी। इसकी वजह से हर कोई बेहाल था। पारा 40 के पार 45 डिग्री तक पहुंच गया था। इसके चलते लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही थी। वहीं, सेहत पर भी असर पड़ रहा था। लू से लोग परेशान थे। दिन में घर से बाहर निकलने में सोचना पड़ रहा था। बाहर निकलने पर पसीने से कपड़ा भीग जा रहा था। घर में पंखा, कूलर से भी राहत नहीं मिल पा रही थी। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भी धूप और लू से बचने की सलाह दे रहा था।
विज्ञापन

बुधवार की रात करीब 12:30 बजे आंधी चलने लगी। इसके साथ बारिश शुरू हो गई। इससे तापमान में गिरावट आई। सुबह निकलने के बाद दस बजे तक पारा 31 डिग्री सेल्सियस तक रहा। दिन चढ़ने के बाद भी दोपहर में अधिकतम 37 डिग्री तक पहुंचा। इसकी वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली। लोग घरों से निकले और अन्य दिनों की अपेक्षा चहल-पहल अधिक रही।

तेज आंधी-पानी ने मचाई तबाही, गिरे पेड़ व डालियां टूटीं, टूटे बिजली के पोल-तार, आपूर्ति ठप
संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। बुधवार की रात में तेज आंधी के साथ हुई बारिश से क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पेड़ उखड़ कर बिजली के खंभे और तारों पर गिर गए। इससे बिजली के खंभे व तार टूटकर गिर गए। इससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सुबह से बिजली निगम के कर्मचारी गिरे पेड़ व डालियों को हटाकर क्षतिग्रस्त खंभों व तारों को ठीक करने में जुटे रहे। शाम तक आपूर्ति चालू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
तरकुलवा व पथरदेवा बिजली सब स्टेशन क्षेत्र में तेज आंधी के साथ बारिश ने तबाही मचाई। आंधी के कारण तरकुलवा विद्युत उपकेंद्र के नरहरपट्टी, सीतापट्टी, पिपरहिया, हरैया, नरायनपुर, बंजरिया, पगरा आदि गांवों में दर्जनों की संख्या में पेड़ टूटकर बिजली के खंभों व तारों पर गिरे। इससे बिजली के तार टूट गए।
उधर, पथरदेवा के कबिलसवा विद्युत उपकेंद्र के पथरदेवा, मलघोट बिरैचा, छितौनी, गौर कोठी, विशुनपुरा बाजार आदि दर्जनों जगहों पर आंधी से डालियां टूटकर बिजली खंभे व तारों पर गिर गईं। इसके चलते बिजली के खंभे व तार क्षतिग्रस्त हो गए। इससे रात से ही तरकुलवा कस्बे को छोड़कर सभी 400 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कर्मचारी बृहस्पतिवार सुबह से ही पूरे इलाके में पेट्रोलिंग करके गिरे पेड़ों को खंभों व तारों से हटाने के अभियान में जुट गए।
जेई संदीप कुमार ने बताया कि दर्जनों जगह बिजली के खंभे और तारों पर पेड़ और डालियां टूटकर गिरी हैं। इससे आपूर्ति बंद है। उन्हें हटवाकर पोल और तारों को दुरुस्त कराकर आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।


बारिश से महुआडीह में जलभराव, राहगीर परेशान
फोटो समाचार.......
लोगों ने की समस्या से निजात दिलाने की मांग

संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। महुआडीह चौराहे पर बुधवार की रात में बारिश होने से चौराहे पर जलभराव हो गया। सड़क के दोनों तरफ जगह-जगह पानी जमा हो गया। राहगीरों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने इससे निजात दिलाए जाने की मांग की है।
महुआडीह क्षेत्र का बड़ा चौराहा है। बाजार करने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है। हल्की बारिश होते ही चौराहे पर सड़क के दोनों तरफ पानी जमा हो जा रहा है। राहगीरों को गुजरने में परेशानी हो रही है। वहीं, लोगों को बाइक खड़ी करने के लिए भी जगह नहीं मिल पा रही। इससे दुकानदारों की दुकानदारी प्रभावित हो रही है। मार्ग चौड़ीकरण के समय हालांकि, दोनों तरफ नालियां बनी थीं, लेकिन कुछ ही दिनों में रख-रखाव के अभाव में पट कर अस्तित्वविहीन हो गईं।

आंधी-पानी में पांच घंटे गुल रही 75 गांवों की बिजली
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। बुधवार की आधी रात को आंधी-पानी में मुसैला के पास एचटी विद्युत तार पर सागौन की डाल टूटकर गिर गई। इससे 75 गांवों की आपूर्ति पांच घंटे तक ठप रही। निगम के कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार सुबह फाॅल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल की। उधर, तकरीबन डेढ़ घंटे तक सब स्टेशन अंतर्गत आने वाले गांवों की आपूर्ति बाधित रही।
खुखुंदू विद्युत उपकेंद्र से चार फीडरों बैदौली, सोनबरसा, नूनखार और गड़ेर के माध्यम से 250 गांवों में बिजली आपूर्ति की जाती है। आंधी-पानी में बिजली गुल हो गई। बारिश रुकने हवा धीमी होने पर करीब डेढ़ घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो गई। लेकिन बैदौली फीडर फाॅल्ट के चलते रात में चालू नहीं हो पाया। सुबह निगम के कर्मियों के पेट्रोलिंग करने पर पता चला कि मुसैला के पास एचटी तार पर सागौन की डाल टूटकर गिरी थी। इससे पांच घंटे तक 75 गांवों की आपूर्ति ठप रही। बैदौली फीडर के तहत खुखुंदू, बहादुरपुर, मुसैला, बड़हरा, पड़री, बरसाथ एकडंगा कस्बा समेत जैतपुरा, जुआफर, मंगराईच, पड़री झिल्लीपार, सुरहा, खिरसर, बभनी, बरडीहा, सिसवार समेत तकरीबन 75 गांवों की बिजली आधी रात से बृहस्पतिवार सुबह साढ़े छह बजे तक प्रभावित रही।
जेई अवधेश कुमार ने बताया कि 11 हजार के विद्युत तार पर सागौन की डाल टूटकर गिरने से आपूर्ति प्रभावित हुई थी। अन्य तीन फीडर की बिजली हवा धीमी होते बहाल कर दी गई। बैदौली फीडर का भी फाॅल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।


इनसेट....

बारिश होने के बाद भी लो वोल्टेज की समस्या बरकरार
खुखुंदू। बारिश होने पर भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। लेकिन, लो वोल्टेज की समस्या बरकरार है। सुबह से शाम तक लो वोल्टेज रह रहा है। इससे देर-रात को ही जाकर निजात मिल रही है। क्षेत्र में देर-रात हुई मूसलाधार बारिश से गर्मी से राहत मिलती नजर आ रही है। पर लो वोल्टेज बरकरार है। निगम के जिम्मेदारों का कहना था कि बारिश होने के बाद अपने आप लोवोल्टेज से निजात मिल जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। लो वोल्टेज से उपभोक्ताओं में रोष है।

बारिश से किसानों के खिले चेहरे
संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। देसही देवरिया-महुआडीह क्षेत्र में बुधवार को मौसम ने करवट ली। आधी रात को आंधी के साथ शुरू हुई बारिश बृहस्पतिवार की सुबह तक जारी रही। इससे तेज धूप व गर्मी से लोगों को राहत मिली। वहीं, किसानों के चेहरे खिल गए हैं।
विज्ञापन

लू से लोगों की दिनचर्या थम सी गई थी। प्रचंड धूप से लोगों की जान जा रही थी। बुधवार की रात झमाझम बारिश हुई। इससे लोगों को राहत मिली। बृहस्पतिवार को मौसम खुशनुमा रहा। वहीं, बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल उठे। खेतों में धान की सूख रही नर्सरी सुधरेगी। साथ ही आंशिक रूप से शुरू हो चुकी खेतों की रोपाई भी अब तेज हो जाएगी। नौतन हथियागढ़ गांव के रामधयान, पकड़ी बुजुर्ग के नंदलाल सिंह, डुमरी एखलाश के राममनोहर विश्वकर्मा, हेतिमपुर के नेहरू जायसवाल ने बताया कि बारिश बहुत जरूरी थी। लोगों को राहत मिली है। खेती-बारी के कार्यों में भी अब तेजी आएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें