कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीतेंगे चुनाव : शिव प्रताप
नगर पालिका परिषद में आयोजित की गई भाजपा की बैठक
देवरिया। नगर पालिका परिषद देवरिया में भाजपा के कार्यक्रम संयोजकों एवं प्रभारियों की बैठक शनिवार को हुई। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं नगर पालिका देवरिया के प्रभारी शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि भाजपा की प्रदेश और केंद्र सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। इन योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और योजनाओं की बदौलत निकाय चुनाव जीता जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव के लिए पार्टी का विशेष अभियान शुरू हो गया है। नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए कार्यकर्ता पांच की संख्या में टोली बनाकर सात नवंबर तक मोहल्लों से लेकर बूथों के हर घर तक जाएंगे और संपर्क कर लोगों को मतदाता बनाने का काम करेंगे।
जिला प्रभारी सुनील ने कहा कि वार्ड संयोजक एवं प्रभारी के पास बहुत ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। अगर ये लोग अपने वार्डों के हर बूथों को जीत लेंगे तो पार्टी चुनाव जीत जाएगी। नगर निकाय चुनाव के जिला प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा ने देश ही नहीं प्रदेश में इतना काम किया है कि लोग उसे ही वोट करेंगे।
अध्यक्षता नगर अध्यक्ष संजय पांडेय तथा संचालन संयोजक नित्यानंद पांडेय ने किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, मंडल प्रभारी रमेश सिंह, जितेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, निर्मला गौतम, अंबिकेश पांडेय, रमेश वर्मा, अंगद मणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।