शव लेकर परिजन पहुंचे मईल थाना
संवाद न्यूज एजेंसी
मईल। तेलिया कला चौराहे पर 12 दिन पहले सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को मौत हो गई। परिजन कार्रवाई के लिए शव लेकर मेडिकल कॉलेज से सीधे मईल थाना पहुंचे। बरहज क्षेत्र के तेलिया शुक्ला निवासी रामचंद्र चौहान (68) सात अप्रैल को बाजार करने तेलिया कला चौराहे पर गए थे। बाजार करके अपने गांव के लिए साइकिल से निकले थे कि ठीक चौराहे पर चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन इलाज के लिए देवरिया अस्पताल ले गए। स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजन कार्रवाई के लिए बुजुर्ग का शव लेकर थाना पहुंचे। थाना पहुंचे उसकी पत्नी तिलेसरी देवी पुत्र मुंशी चौहान और परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। इस संबंध में चौकी प्रभारी भागलपुर मान सिंह ने बताया कि उसके परिजन के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया गया।