शनिवार की शाम बरातियों से भरी बोलेरो की टक्कर से हुए थे घायल
मेहरौनाघाट। सड़क हादसे में घायल एक बुजुर्ग की इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा के बाद बिना पोस्टमार्टम के ही शव सौंप दिया। बुजुर्ग किसान को मेहरौना पेट्रेाल पंप के पास शनिवार की रात बरातियों से भरी एक बोलेरो ने टक्कर मार दी थी।
नदौली गांव निवासी अनिल तिवारी (60) अपनी पत्नी प्रेमशीला के साथ सिवान से दवा करा देर शाम मेहरौनाघाट स्थित पेट्रोल पंप पर उतरे। इसी बीच बिहार की तरफ से आ रही बरातियों से भरी तेज रफ्तार बोलेरो ने अनिल तिवारी को टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने घायल को एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां पहुंचाया। देर रात स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों के सहयोग से परिजन मेडिकल कॉलेज देवरिया ले जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में मौत हो गई।
मृतक की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। उनकी तीन बेटी प्रीती (26), नेहा (24), श्वेता (20) तथा दो बेटे अभिषेक (22) और विवेश (20) के सिर से पिता का साया उठ गया। वह आर्थिक तंगी के चलते किसी बेटी व बेटों की शादी नहीं कर पाए थे। एसआई अमित सिंह ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव कब्जे में लिया था, लेकिन परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। इसलिए पंचनामा बना शव परिजनों को सौंप दिया गया।