देवरिया। सदर विकास खंड के आठ परिषदीय विद्यालयों में शनिवार को औचक निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्य ने शिक्षकों को चेतावनी दी। कहीं बच्चों की उपस्थिति कम मिली तो कहीं शिक्षक डायरी और यूनिट टेस्ट की कॉपियां नहीं मिलीं। बीएसए ने नामांकन बढ़ाने और शिक्षण व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उच्च प्राथमिक विद्यालय लाहिलपार खास में गंदगी मिलने के साथ शिक्षक डायरी प्रस्तुत नहीं की जा सकी। प्राथमिक विद्यालय घटैला चेती में 64 के सापेक्ष 41 बच्चे उपस्थित मिले। बच्चे कक्षाओं से बाहर घूमते मिले। उच्च प्राथमिक विद्यालय घटैला चेती में घास उगी मिली। प्राथमिक विद्यालय बांसपर और लाहिलपार उर्फ रतनपुरा में नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए गए। घटैला गाजी के आंगनबाड़ी केंद्र में सिर्फ तीन उपस्थित मिले। बीएसए ने शिक्षकों को समयसारणी के अनुसार पढ़ाई, नियमित यूनिट टेस्ट और डिजिटल उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए।