अशोक गावंडे के मामले में सदर कोतवाली में तहरीर देने दोस्त के साथ पहुंचे साले प्रफुल्ल,
देवरिया। महाराष्ट्र निवासी अशोक गावंडे (61) हत्याकांड में पुलिस ने मंगलवार को उसके साले गोरखपुर के हुमायूंपुर दक्षिणी निवासी प्रफुल्ल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया। अशोक की छह अक्तूबर को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की पानी टंकी में लाश मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अशोक के शरीर पर नौ जगह चोट और गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई थी। वहीं अशोक की पत्नी अनीता उर्फ तनु बुलाने के बावजूद मंगलवार को भी पुलिस के सामने नहीं आईं। पुलिस तनु का बयान दर्ज करने की तैयारी में है। केस दर्ज होने के बाद देर शाम को कोतवाली पुलिस की एक टीम मेडिकल कॉलेज पहुंची और घटनास्थल पर काफी देर तक जांच पड़ताल की। इसके अलावा सर्जिकल वार्ड में भी पुलिस साक्ष्य तलाशे। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।