भटनी। क्षेत्र के नोनापार गांव के मणिनाथ इंटर कॉलेज में शनिवार को गांव के कुल देवता मणिनाथ ब्रह्म की जयंती मनाई गई। इस दौरान छात्रों ने विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए उन्हें नमन किया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पं. गिरीश चंद्र तिवारी ने कहा कि शिक्षा विकास की कुंजी है। बच्चों को शिक्षा देकर ही देश और समाज का विकास किया जा सकता है। जरूरत शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने की भी है।
विशिष्ट अतिथि विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि मणिनाथ ब्रह्म सभी के आराध्य है, उन्होंने अपना पूरा जीवन क्षेत्र और समाज की सेवा में समर्पित कर दिया। वे बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। हमें उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। कार्यक्रम में छात्रों ने स्वागत गीत, राष्ट्र गान, मणिनाथ बाबा गीत, कव्वाली और गजल का मनमोहक प्रस्तुत किया। इससे पहले अतिथियों ने मां सरस्वती और मणिनाथ ब्रह्म प्रतिमा दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रधानाचार्य प्रेम चंद चौहान ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अजित सिंह, उपेंद्र त्रिपाठी, प्रबंधक गंगेश्वर नाथ त्रिपाठी, गिरिजेश तिवारी, राम चंद्र तिवारी, विनय तिवारी आदि मौजूद रहे।