देवरिया। यातायात पुलिस ने बृहस्पतिवार को शहर क्षेत्र में दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से सघन चेकिंग अभियान चलाया। कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा वाहनों के वैध कागजातों की जांच कर सही पाए गए वाहनों पर नंबरिंग की गई। वहीं गोरखपुर रोड, कसया ओवरब्रिज, मालवीय रोड और बस स्टैंड पर सड़क किनारे वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान बिना फिटनेस प्रमाण पत्र और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के संचालित ई-रिक्शा चालकों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान व सीज की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 136 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि 12 वाहनों को सीज किया गया। यातायात पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित होता है, सड़क दुर्घटनाओं में कमी आती है तथा वाहन चालकों को नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई का संदेश मिलता है।