भागवत कथा के दौरान मनबढ़ों ने की मार पिटाई
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर कारखाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात गोल बंद होकर आरती के दौरान भागवत कथा के यजमान समेत श्रद्धालुओं पर मनबढों ने हमला बोल दिया। लाठी डंडा और धारदार हथियार लेकर परिजनों समेत श्रद्धालुओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलते ही फोर्स गांव में पहुंच गई। इंस्पेक्टर ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और घटनास्थल पर तीन सिपाहियों को तैनात कर दिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के भगवानपुर तिवारी गांव निवासी अनिल तिवारी के घर 8 अप्रैल से भागवत कथा का आयोजन चल रहा है।
शनिवार की रात कथा के पांचवें दिन गांव के ही कुछ युवक महिला श्रद्धालुओं पर छींटाकशी कर रहे थे। यह देख अनिल तिवारी और उनके परिजनों ने युवकों को वहां से हटा दिया। युवक घर वापस चले गए। कथा के समापन पर परिवार के लोग प्रसाद वितरण कर रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान योजना बना कर कथा स्थल पर पहुंचे आरोपी युवकों और उनके परिजनों ने लाठी डंडा और धारदार हथियार लेकर धावा बोल दिया। आरोपियों ने निशांत तिवारी को पीटते हुए जमीन पर गिरा दिया। बीच बचाव करने गए प्रतीक तिवारी और गिरिजेश तिवारी को भी हमलावर जानलेवा हमला बोलते हुए पीटने लगे।
बेटे प्रतीक को बचाने गई मां इंदु तिवारी को भी पीट कर घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी पहुंचा। जहां अस्पताल पर ताला लगा देख ग्रामीण महर्षि देवरहवा बाबा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे।
रविवार की सुबह पीड़ित परिवार थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दिया। थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में है। घायलों को मेडिकल कराने के लिए भेजा जा रहा है। घटना में शामिल तीन लोगों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।