देवरिया। पुलिस भर्ती परीक्षा को देखते हुए रोडवेज की ओर से मऊ, बलिया, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर के लिए सीधी बसें चलाई जा रही हैं। परीक्षा समाप्त होने के बाद जैसे ही अभ्यर्थी बस स्टैंड परिसर में पहुंच रहे उन्हें स्पेशल बसें निर्धारित जगहों पर खड़ी मिलीं। परीक्षार्थियों को आने-जाने में कोई दिक्कत न हो, रोडवेज के अधिकारी व कर्मचारी स्वयं परिसर में निगरानी कर रहे। हालांकि कई बसों के परीक्षा ड्यूटी में लगने से लोकल रूटों पर बसों की संख्या कम पड़ गई है।
देवरिया डिपो परिसर में शनिवार को दोपहर 1:00 बजे। आम दिनों की तरह गोरखपुर व सलेमपुर रूट पर जाने के लिए बसें खड़ी रही। गोरखपुर रूट पर बसों की संख्या कम ही रही। जबकि सलेमपुर रूट पर साठ से आठ अनुबंधित बसें लाइन से लगी रहीं। यहां खड़े रोडवेजकर्मी हर यात्री से पूछकर उन्हें बसों के पास भेज रहे थे। परीक्षार्थियों को पीछे मंदिर के नजदीक सुल्तानपुर के लिए दो आजमगढ़ के तीन, अंबेडकरनगर के लिए एक, मऊ, बलिया के लिए एक-एक बस क्रम से खड़ी मिलीं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए हर पांच से दस मिनट के बाद अन्य जिलों में जाने वाली बसों व उनके नंबर का एनाउंसमेंट भी कराया जा रहा था। इससे गोरखपुर, कसया, पडरौना रूट रूट पर बसों का अभाव रहा। इन जगहों पर जाने वाले यात्री इससे परेशान दिखे।
स्पीकअप
जीआईसी में सेंटर था, परीक्षा देकर निकले और पूछ पूछकर रोडवेज तक आए। यहां पर गाजीपुर जाने के लिए परीक्षा स्पेशल बस खड़ी मिली। इस बार की परीक्षा में सरकार की ओर से निशुल्क यात्रा की सुविधा दिए जाने से परीक्षार्थियों को भी सहूलियत हुई।
-रामहंस, गाजीपुर, अभ्यर्थी
-
आजमगढ़ से शुक्रवार की रात में ट्रेन से देवरिया आया। प्रथम पाली की परीक्षा के बाद ई-रिक्शा से बस स्टेशन आया। यहां बस तैयार खड़ी मिली, आधी भरी भी हुई थी। ऐसे में शाम तक घर भी पहुंच जाएंगे।
-अजीत, आजमगढ़, अभ्यर्थी
कोट
पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर सुल्तानपुर, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, मऊ, बलिया आदि जगहों के लिए स्पेशल बसें अभ्यर्थियों के आने के पहले ही तैयार खड़ी रह रही हैं। कोशिश यह कि बाहरी जिलों के जो अभ्यर्थी बसों से जाना चाह रहे हैं, उन्हें सही ढंग से पहुंचा दिया जाए। इसके लिए राेडवेज कर्मियों के अलावा सभी अधिकारी व्यवस्था में लगे हुए हैं ।
-मो. इरफान, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक