खनन विभाग ने बालू लदा ट्रेलर पकड़ कर पुलिस को सुपुर्द किया था
चनुकी। लार थाना परिसर के बाहर से बालू लदा एक टेलर शनिवार को गायब हो गया। इससे हड़कंप मच गया। बालू लदे टेलर को खनन विभाग ने दो दिन पहले पकड़कर पुलिस को सौंपा था। बाद में मोबाइल लोकेशन के जरिए चालक सहित गाड़ी को पुलिस ने बिहार बार्डर से पकड़ा।
आईजी लार थाने का निरीक्षण करने आए थे। इस दौरान पकड़े गए बालू लदे टेलर को परिसर से बाहर खड़ा करा दिया गया। उसे दो दिन पहले खनन विभाग ने पुलिस को सौंपा था। बालू लदी गाड़ी रोड के किनारे खड़ी थी और चालक भी मौजूद था। इसी बीच गाड़ी गायब हो गई। आईजी का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पुलिस खाली हुई और नजर दौड़ाई तो गाड़ी नहीं थी। इसके बाद खोजबीन शुरू हुई।
चालक के मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस को गाड़ी का पता चला। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने चालक सहित गाड़ी को पकड़ा और वापस थाने लाई। थानाध्यक्ष कपिलदेव चौधरी ने बताया कि आईजी के कार्यक्रम के दौरान गाड़ियां बाहर की जा रही थीं। चालक ने समझा कि सभी गाड़ियों को छोड़ा जा रहा है, इसलिए वह गाड़ी लेकर चला गया था।