नाले की गहराई कम होने पर शिवधरिया वार्ड के लोगों ने की थी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
भलुअनी। स्थानीय कस्बे में बरसात में जलभराव जैसी समस्या से निजात के लिए नाला निर्माण किया जा रहा है। मानक के विपरीत काम होने पर शिवधरिया वार्ड के लोगों ने काम रोकते हुए अधिकारियों से शिकायत की थी। सोमवार को अधिशासी अधिकारी महेंद्रनाथ पांडेय ने स्थलीय जांच की। उन्होंने नाले की गहराई बढ़ाने के निर्देश दिए।
कस्बा के गांधी चौक से दो करोड़ 17 लाख की लागत से करीब 1400 मीटर नाला निर्माण कराया जा रहा है। शिवधरिया वार्ड के लोगों ने नाला की गहराई कम होने की शिकायत की। उनका कहना था कि ऊंचाई ज्यादा होने के कारण वार्ड स्थित घरों से निकलने वाला प्रदूषित पानी नाले के रास्ते समुचित स्थान पर जाने की जगह सारा पानी मोहल्ले में फैलने लगेगा। लोग मोहल्ले की अपेक्षा नाले की ऊंचाई अधिक होना बता रहे थे। ईओ महेंद्रनाथ ने बताया कि मोहल्ले के प्रदूषित पानी के निकासी के लिए नाला की गहराई बढ़ाने के लिए कहा गया है। समस्या दूर कर दी जाएगी।