- प्राचार्य ने पीआईसीयू और इमरजेंसी का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज के पीआईसीयू और इमरजेंसी का प्राचार्य ने मंगलवार को निरीक्षण किया। उन्होंने सुविधाओं को देखा। पीआईसीयू में एसी के मरम्मत के बाद उसकी क्रियाशीलता को देखा। इमरजेंसी में भी सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने और नाली में एंटी लार्वा के छिड़काव का निर्देश दिया। साथ ही समय से ड्रेस में रहने और मरीजों व तीमारदारों से मुधर व्यवहार करने को कहा।
प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार बरनवाल सुबह सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा, प्रभारी मुख्य अधीक्षक डॉ. अजीत पाल, डॉ. अरुणेश कुमार, डॉ. आरके श्रीवास्तव, डॉ. इकबाल, डॉ. प्रवीण गुप्ता के साथ पीआईसीयू पहुंचे। उन्होंने मरम्मत के बाद एसी की क्रियाशीलता को देखा। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि वार्ड का दरवाजा बंद रखा जाए। जूता, चप्पल बाहर निकाल कर अंदर प्रवेश करने को कहा। उन्होंने साफ-सफाई पर ध्यान देने को कहा। इस दौरान सभी डॉक्टर और कर्मचारी मौजूद रहे। यहां से प्राचार्य इमरजेंसी में पहुंचे। वहां मरीजों की भीड़ थी। उन्होंने डॉक्टर और कर्मचारियों को समय से ड्यूटी पर ड्रेस में मौजूद रहने का निर्देश दिया। साथ ही मरीजों और तीमारदारों से अच्छा व्यवहार करने को कहा। उन्होंने जल निकासी के लिए बनी नाली और आसपास नियमित सफाई करने व एंटी लार्वा के छिड़काव का निर्देश दिया।