जिलाधिकारी ने परखी विद्यार्थियों की पढ़ाई
कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय इंदूपुर प्रथम का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर का भी मूल्यांकन किया। कक्षा दो में पढ़ने वाली शिवानी ने ए से जेड तक अल्फाबेट को ब्लैक बोर्ड पर लिखा तो जिलाधिकारी ने ताली बजाकर उत्साहवर्धन किया।
जिलाधिकारी ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि स्कूल रेडिनेस के अंतर्गत सप्ताहवार एवं विषय के अनुरूप लक्ष्यों को प्राप्त करने लिए शिक्षकों को कक्षावार और हर संभव प्रयास करना चाहिए। साथ ही कहा कि विद्यार्थी लर्निंग आउटकम निर्धारित करके बच्चों की प्रोफाइल तैयार की जाए। प्रोफ़ाइल में बच्चों के व्यक्तिगत विवरण के साथ उनके अभिभावकों की आय के स्रोत की भी सूचना अंकित की जाए।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक को शिक्षकों की प्रोफाइल तैयार करके उनकी अभिरुचि के अनुसार उत्तरदायित्व देने एवं नियमित रूप से इसकी मॉनीटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और वहां पूर्व में रोपित किए गए पौधों का संरक्षण करने को कहा। इस दौरान वहां मौजूद अभिभावकों से भी वार्ता की। उनसे कहा कि विद्यालय में मौजूद सुविधाओं के अतिरिक्त ऐसी कौन सी सुविधा की जरूरत है, जिससे विद्यालय क ी सुविधाओं एवं शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार किया जा सके।
विद्यालय की बाउंड्रीवाल से संबंधित विवाद के न्यायालय में लंबित होने की जानकारी प्रधानाध्यापक द्वारा दिए जाने पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को जिला पंचायत विभाग से इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई करते हुए मामले को यथाशीघ्र निस्तारित कराने के निर्देश दिए।