महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश
डीएम ने किया विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान का निरीक्षण, अव्यवस्था पर जताई नाराजगी
महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने शनिवार को विधानसभा मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का हाल जाना। डीएम ने शहर के महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में आयोजित कैंप के निरीक्षण के दौरान बीएलओ का सहयोग न करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में मतदाता संक्षिप्त पुनरीक्षण विशेष अभियान के तहत आयोजित कैंप का निरीक्षण किया। कैंप में मतदाताओं को बीएलओ एवं मतदाता बनने की अर्हता से संबंधित किसी भी प्रकार का फ्लैक्स अथवा बैनर लगा नहीं मिला। इस मतदान केंद्र के कुल सात बूथों में से छह के बीएलओ मौके पर उपस्थित मिले। किसी भी बीएलओ के पास पहचान पत्र नहीं था, जिससे उनकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पा रही थी। बीएलओ के बैठने की समुचित व्यवस्था भी नहीं की गई थी।
महाराज अग्रसेन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य गोपाल दत्त शुक्ला द्वारा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में बीएलओ का सहयोग नहीं करने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की और उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्तव, एसडीएम सौरभ सिंह, सीओ श्रीयश त्रिपाठी सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।
32 तारीख में पढ़ाते मिले अध्यापक
डीएन इंटर कॉलेज में बूथों का निरीक्षण करने पहुंचे थे डीएम
बारह अठे छियानबे पर अटकीं आठ की छात्राएं
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। डीएन इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राएं डीएम के सामने 12 के पहाड़ा में अटक गईं। डीएम जेपी सिंह और एसपी संकल्प शर्मा शनिवार को पोलिंग बूथों का निरीक्षण करने रुद्रपुर के डीएन इंटर कॉलेज पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कक्षा आठ मे पढ़ने वाली छात्राओं के अधिगम का स्तर जाना।
डीएम ने कक्षा आठ की छात्रा से 12 का पहाड़ा सुनाने को कहा। छात्रा बारह अठे छियानबे पर जा कर अटक गई। उन्होंने श्यामपट कार्य का निरीक्षण किया तो गुरुजी 32 तारीख में गणित पढ़ा रहे थे। श्यामपट पर 32 तारीख लिखने पर सवाल किए तो गुरुजी बच्चों पर खेल गए। उन्होंने कहा कि श्यामपट पर बच्चे तारीख लिखते हैं।
डीएम ने प्रधानाचार्य को शिक्षा के स्तर में सुधार करने की नसीहत दी। कहा कि अध्यापक को कक्षा शिक्षण के पहले विषय वस्तु का अध्ययन जरूर करना चाहिए। डीएम और एसपी नगर पंचायत चुनाव के लिए बनाए गए बूथों के संबंध में ईओ और एसडीएम से जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि पोलिंग बूथ पर नागरिक सुविधा का ध्यान दिया जाए। पोलिंग स्थल पर शौचालय, शुद्धपेय जल, दिव्यांग शौचालय, रैंप और बिजली आदि की व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए।
घर-घर सत्यापन कराकर प्रकाशित की जाए मतदाता सूची
देवरिया। नगर पालिका परिषद देवरिया की मतदाता सूची में समाजवादी पार्टी के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष हृदय नारायण जायसवाल ने अनियमितता का आरोप लगाया है। उन्होंने मतदाता सूची का नए सिरे से घर-घर सत्यापन कराने और सही मतदाता सूची तैयार कर प्रकाशित करने की मांग प्रशासन से की है।
उन्होंने कहा है कि निष्पक्ष और स्वतंत्र निर्वाचन के लिए मतदाता सूची का सही होना तथा सभी वैध मतदाताओं का नाम होना आवश्यक है। कहा है कि आबादी के सापेक्ष 89.14 प्रतिशत मतदाता हैं, जबकि अधिकतम 65 प्रतिशत ही बालिग के मतदाता हो सकते हैं। कुछ वार्डों को छोड़कर अधिकांश में यह सीमा पार कर गई है।
मतदाता बढ़ गए चार हजार, नहीं बढ़े मतदान केंद्र
21 हजार मतदाताओं के लिए छह मतदान केंद्र, चार हजार बढ़े हैं मतदाता
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदाता सूची व बूथों का सत्यापन जोर-शोर से चल रहा है। पिछले वर्ष की बजाए करीब चार हजार मतदाताओं की संख्या तो बढ़ गई है, लेकिन मतदान केंद्रों की संख्या न बढ़ने से इस बार मतदाताओं को वोट के लिए प्रतीक्षा करनी पड़ेगी।
आदर्श नगर पंचायत सलेमपुर में इस बार तकरीबन 21 हजार मतदाता हो गए हैं, लेकिन मतदान केंद्रों की संख्या मात्र छह है। कई केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ के चलते दिक्कतें हो सकती हैं।
नगर निकाय चुनाव में इस बाद नगर के माता अष्टभुजी जूनियर हाईस्कूल पर वार्ड एक भरौली व वार्ड दो ठाकुर नगर पश्चिमी, संस्कृत पाठशाला सलेमपुर पर वार्ड तीन भठवा धरमपुर, वार्ड नौ तहसील, वार्ड 13 इचौना पश्चिमी के मतदाता मतदान करेंगे।
इसी तरह बापू इंटर कालेज पर वार्ड चार सलाहाबाद, वार्ड सात सुगही, वार्ड 11 लोहिया नगर, वार्ड 12 परशुराम धाम के मतदाता मतदान करेंगे। कन्या पूर्व माध्यमिक इचौना बाजार में वार्ड पांच हरैया लाला तथा वार्ड आठ हरैया लाला पश्चिमी का मतदान होगा। प्राथमिक विद्यालय इचौना पर वार्ड छह इचौना पूर्वी तथा वार्ड दस किशोरगंज का मतदान होगा।
सबसे खराब स्थिति संस्कृत पाठशाला केंद्र को लेकर होती है। बीच बाजार में मतदान केंद्र होने के चलते यहां वाहन भी नहीं पहुंच पाते हैं। तीन वार्डों का मतदान होने से मतदाओं को भी दिक्कत आती है। इसको लेकर भठवा धरमपुर वार्ड के सभासद शहबाज आलम, विकास कुमार, विनय कुमार, अमित आदि ने एसडीएम को ज्ञापन देकर ब्लॉक परिसर में नया मतदान केंद्र बनाने की मांग की है।
डीएम ने किया प्रस्तावित नामांकन, मतगणना स्थल का निरीक्षण
देवरिया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने शनिवार को नगर निकाय सामान्य निर्वाचन-2022 के मद्देनजर संभावित नामांकन स्थल, पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल एवं मतगणना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने प्रत्याशियों के नामांकन स्थल के रूप में संभावित स्थल जिला पंचायत भवन एवं नगर पालिका परिषद देवरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने चैयरमैन तथा वार्ड सभासद प्रत्याशियों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाने के निर्देश दिए। कहा कि सभी काउंटरों पर फ्लैक्स, बैनर के माध्यम से संबंधित नगर निकाय का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए।
वार्ड संख्या के आधार पर काउंटर निर्धारित किए जाएं। नामांकन स्थल पर राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर बैरिकेडिंग की जाए। उन्होंने नामांकन स्थल पर सीसीटीवी कैमरा लगाने के भी निर्देश दिए। जिला पंचायत में देवरिया नगर पालिका परिषद, रामपुर, बरियारपुर एवं गौरीबाजार का नामांकन प्रस्तावित है। नगर पालिका परिषद कार्यालय में बैतालपुर, तरकुलवा, पथरदेवा एवं हेतिमपुर का नामांकन संभावित है।
जिलाधिकारी ने पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल के रूप में प्रस्तावित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने मतदान से जुड़ी सामग्रियों के भंडारण, पोलिंग पार्टी द्वारा प्रयोग के लिए बस की पार्किंग आदि के विषय में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि मतदानकर्मियों द्वारा लाए जाने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल बनाया जाए। पोलिंग पार्टियों को मतदान सामग्री का वितरण सावधानी के साथ किया जाए।
जिलाधिकारी ने मतगणना स्थल एवं स्ट्रांग रूम के लिए प्रस्तावित महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने मतगणना स्थल पर पुलिस व्यवस्था के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्तव, एसडीएम सदर सौरभ सिंह, सीओ श्रीयश त्रिपाठी, ईओ नगर पालिका रोहित सिंह समेत विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे। संवाद