फोटो समाचार.......
चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार बूथों पर कार्य करने के लिए कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। लोकसभा चुनाव को लेकर जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने शनिवार को क्षेत्र के छह बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिम्मेदारों को जरूरी निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि कार्य में कोई अंश छूटने न पाए। इसको निर्धारित समय में पूर्ण करा लिया जाए। आवागमन वाली सड़क, टूटे फर्श को ठीक कराने के निर्देश दिए।
कहा कि बूथों पर जहां मतदान स्थल बनाए गए हैं, वहां निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस बार मतदान का प्रतिशत हर हाल में बढ़ाना है। आप सभी अपने साथ घर की महिलाओं को भी मतदान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करें। ताकि मतदान का प्रतिशत बढ़ सके।
एसपी संकल्प शर्मा ने कहा कि आप सभी बिना भय एक जून को मतदान जरूर करें। शांतिपूर्ण मतदान करने में कोई अड़चन आ रही हो तो पुलिस को सूचित करें। पुलिस हर समय आप के साथ है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार दिव्यांग, बीमार व वृद्ध मतदाताओं को मतदान करने जाने में दिक्कत न हो, इसपर विशेष ध्यान दें। इसके अलावा दोनों अधिकारियों ने फोर्स के ठहरने के लिए स्कूलों का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान सीओ भाटपाररानी शिव प्रताप सिंह, एसओ उदय शंकर कुशवाहा, राजस्व निरीक्षक, एसपी पीआरओ संतोष कुमार सिंह, हवलदार राम आदि उपस्थित रहे।