डीएम ने बैतालपुर कार्यालय का किया निरीक्षण, छह कर्मियों को जारी किया आरोपपत्र
देवरिया। जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने मंगलवार को विैास खंड बैतालपुर कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूरे कार्यालय परिसर, कार्यालय पटल का निरीक्षण कर कार्य प्रगतियों का हाल जाना। साफ-सफाई की सुदृढ़ व्यवस्था के साथ अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने का निर्देश रदिया। कम प्रगति वाले कार्य बिंदुओं से संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को फटकार लगाई। पंचायत भवन के निर्माण में शिथिलता बरतने वाले चार पंचायत सचिवों का वेतन रोकने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में भी कम प्रगति वाले तीन पंचायत सचिवों के विरुद्ध आरोप पत्र निर्गत करने का निर्देश दिया। अन्य पंचायत सचिवों को आगाह करते हुए कहा कि कार्यो में तेजी लाए, अन्यथा जिस स्तर पर शिथिलता मिलेगी उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन की प्रगति खराब पाई गई। 49 लक्ष्य के सापेक्ष केवल पांच भवन पूर्ण होने तथा 14 ग्राम पंचायतों में अब तक भूमि चिह्नित न होने के संबंध में डीएम एडीओ पंचायत पर बरसे। डीपीआरओ को निर्देश दिया कि उनके विरुद्ध आरोप-पत्र निर्गत करने की कार्रवाई करें। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में भी खराब प्रगति के लिए बीएमएम एवं एडीओ आईएसबी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अन्तर्गत सबसे खराब प्रगति वाले पंचायत सचिव राकेश सिंह, विजय गौतम एवं सत्येंद्र यादव के विरुद्ध आरोप पत्र निर्गत करने का निर्देश दिया। मनरेगा अंतर्गत विकास खंड के सभी विद्यालयों में पोषण वाटिका बनाने को कहा। इस दौरान जिला विकास अधिकारी/प्रभारी बीडीओ श्रवण कुमार राय समेत कर्मी मौजूद रहे।