फोटो समाचार.............
क्रय केंद्र पहुंचे आठ किसानों से 460.50 क्विंतल हुई गेहूं की खरीदारी
डीएम व एसपी ने सलेमपुर में क्रय केंद्र पर गेहूं खरीदारी का किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बुधवार को रबी फसल वर्ष 2024-25 के तहत विपणन विभाग की ओर से संचालित राजकीय क्रय केंद्र, सलेमपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम और एसपी ने क्रय केंद्र पर गेहूं बेचने आए किसान पौहारी शरण यादव का माला पहनाकर स्वागत करते हुए खरीदारी का शुभारंभ किया। किसान ने क्रय केंद्र के माध्यम से 20 क्विंटल गेहूं बेचा। जिले के आठ किसानों ने क्रय केंद्र पर 460.50 क्विंटल गेहूं बेचा।
जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने कहा कि जिले में गेहूं की खरीद प्रारंभ हो चुकी है। इस वर्ष 154 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। जनपद में गेहूं खरीद का लक्ष्य एक लाख छत्तीस हजार मीट्रिक टन है। गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2275 रुपये निर्धारित किया गया है। किसानों को उतराई व छनाई के लिए अलग से 20 रुपये जोड़कर समर्थन मूल्य के लिए दिया जा रहा है। गेहूं की खरीद 15 जून तक की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि किसान क्रय केंद्र के माध्यम से गेहूं बेचें। गेहूं बेचने में किसी तरह की असुविधा हो व कोई बिचौलिया परेशान करे तो 05568-222261 व 225351 पर सूचना दें। खाद्य एवं विपणन विभाग के टोल फ्री नंबर 18001800150 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने केंद्र पर इलेक्ट्रानिक कांटा, नमी मापक यंत्र, छलना आदि की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने क्रय केंद्र प्रभारी को आवश्यक अभिलेख नियमित रूप से अद्यतन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने क्रय केंद्र पर पेयजल उपलब्धता और किसानों के लिए बैठने की व्यवस्था भी देखी। डीएम ने बताया कि पंजीकृत किसानों का भुगतान डीबीटी के जरिये खाते में ट्रांसफर किया जाएगा।
इधर, खाद विपणन अधिकारी सुलभ आनंद ने बताया कि सलेमपुर में एक किसान से 17 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है। रुद्रपुर के रतनपुर क्रय केंद्र पर पांच किसानों ने 350 क्विंटल गेहूं विक्रय किया है। वहीं, पीसीएफ एजेंसी के भदिला ग्राम स्थित क्रय केंद्र पर एक किसान ने 93.50 क्विंटल गेहूं का विक्रय किया है। कटनी शुरू हो गई है गेहूं की खरीदारी में तेजी भी आएगी। इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार राय, डिप्टी आरएमओ सुलभ आनंद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।