डीएम ने पीएम केयर्स योजना के लाभार्थियों से किया संवाद
लाभार्थी मीनू साहनी को 10 लाख रुपये धनराशि का पासबुक तथा पांच लाख कर हेल्थ कार्ड सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। पीएम केयर्स फार चिल्ड्रेन स्कीम योजना से लाभान्वित जिले के बच्चों से जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बात कर उनके शिक्षा एवं स्वास्थ्य के बारे में पूछा। जिलाधिकारी ने बच्चों को हर संभव सहयोग के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने मीनू साहनी को दस लाख रुपये की धनराशि का पासबुक तथा पांच लाख रुपये कवरेज वाला हेल्थ कार्ड प्रदान किया। जनपद में कुल नौ बच्चे इस योजना से लाभान्वित हुए हैं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक बच्चों से संवाद किया और उनके साथ अपना मोबाइल नंबर साझा किया। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या के निवारण के लिए कोई भी बच्चा उनसे संपर्क कर सकता है। उन्होंने योजना से लाभान्वित बच्चों को आगे मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया। एक बालिका मीनू साहनी (जो अब 18 वर्ष की हो चुकी है) को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के तहत 10 लाख रुपये की धनराशि का पास बुक, हेल्थ कार्ड एवं स्नेहपत्र जिलाधिकारी ने प्रदान किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता को खोने वाले बच्चों को भोजन एवं घर उपलब्ध कराकर उनकी देखभाल और सुरक्षा करना है। ऐसे बच्चों को शिक्षा और स्कॉलरशिप के जरिए सशक्त बनने में सहायता भी की जाती है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विनोद कुमार राय एवं जिला सेवायोजन कार्यालय से संबंधित कैरियर काउंसलर ने बच्चों को सप्लीमेंटरी एजुकेशन एंड कैरियर काउंसलिंग की सुविधा से अवगत कराया।
डीएम ने जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल कुमार सोनकर को बच्चों को हर संभव सहयोग के लिए निर्देश दिए। जनपद में इस योजना के नौ बच्चे लाभान्वित हैं। इनमें शुक्रवार को आठ बच्चों की जिलाधिकारी से व्यक्तिगत रूप से बात हुई। इस दौरान रामकृपाल, डॉ. राजेश मिश्र, संदीप कुमार रावत, गौरव कुमार, सैफ खान आदि मौजूद रहे।