रामचक गांव में तीस लाख रुपये की लागत से बनेगा अमृत सरोवर
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। रामचक गांव में शनिवार को डीएम और एसपी ने पूजन-अर्चन कर अमृत सरोवर की आधारशिला रखी। गांव में तीस लाख रुपये की लागत से अमृत सरोवर का निर्माण होगा।
जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने रामचक गांव में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय राम लखन अमृत सरोवर परियोजना का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस दौरान डीएम ने लोगों से पर्यावरण की सुरक्षा के लिए प्रकृति का संरक्षण करने की अपील की। बीडीओ विवेकानंद मिश्रा ने बताया कि 30 लाख रुपये की लागत से 1.34 एकड़ में विस्तृत सरोवर का जीर्णोद्धार किया जाएगा। प्रस्तावित अमृत सरोवर की जलग्रहण क्षमता 10000 क्यूबिक मीटर है। अमृत सरोवर परियोजना के अंतर्गत ग्रामवासियों के टहलने के लिए पाथवे और तालाब में आने जाने के लिए इनलेट, आउटलेट, रैंप, सीढ़ी, पौधरोपण, प्रकाश व्यवस्था, बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था का प्राविधान किया गया है। जिलाधिकारी ने कार्य को उच्च गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर एसडीएम रुद्रपुर अरुण कुमार, डीसी मनरेगा बीएस राय, नायब तहसीलदार कर्ण सिंह आदि मौजूद रहे।
इनसेट में-
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया पिडरा पुल का निरीक्षण
जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने पिडरा पुल का निरीक्षण किया। डीएम ने पुल से भारी वाहनों के आवागमन के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि बरसात के पहले पुल से बड़े वाहनों की आवाजाही शुरु हो जाएगी। बरसात में पुल के एप्रोच से आवागमन प्रभावित हुआ है, संबंधित विभाग के अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान एसडीएम अरुण कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी आरके सिंह, अधिशासी अभियंता बाढ़ नियंत्रण एनके जाडिया सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे