संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। दशहरा मेले में आए लोगों की भीड़ के आगे यातायात व्यवस्था शुक्रवार की शाम को फेल दिखी। कई मार्गों पर छोटे वाहनों के प्रवेश कर जाने से भी जाम की स्थिति बनी। इससे मेला करने आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मार्गों पर वन वे किया गया था, लेकिन किसी तरह निकलने के प्रयास में भीतर प्रवेश कर गए वाहन चालकों ने जाम की समस्या को बढ़ाने की ही कार्य किया, हालांकि यातायात पुलिस की सक्रियता के चलते यह पांच से 10 मिनट के अंदर ही समाप्त भी कर दी गई। मेला में उमड़ने वाली भीड़ कशारदीय नवरात्रि के महानवमी के दिन हवन एवं कन्या पूजन के बाद श्रद्धालु फुर्सत में आए तो शहर में दशहरा मेला का उत्साह व उमंग बढ़ गया। शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं गलियों व मोहल्लों में रखी गई प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालु अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा उमड़े। यातायात पुलिस ने यातायात को सुचारू रखने के लिए कई मार्गों को डायवर्ट कर दिया था। बड़े वाहनों के प्रवेश पर सुबह से ही रोक लगा दी गई थी, हालांकि दोपहर में साढ़े तीन बजे सीसी रोड में परशुराम चौक पर ही भुजौली कालोनी जाने वाले स्थान पर मुख्य मार्ग पर ही एक आयोजक की ओर से भगवती जागरण कार्यक्रम कराने की वजह से 30 फीट की सड़क में 15 फीट को ले लेने से भी वाहन चालकों को निकलने में परेशानी हुई। शहर के शिव मंदिर चौराहे से राघवनगर जाने वाले मार्ग पर दुर्गा मंदिर के पास दुर्गा प्रतिमा रखी गई है। यहां महिला डिग्री कॉलेज से आने वालों को लोगों को यह पहले से जानकारी ही नहीं थी कि यह मार्ग वन डे होने से बंद है।