छह से 12 जून तक दिल्ली में होगी नेशनल चैंपियनशिप, स्टेट में प्रदर्शन के आधार पर होगा चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। 19 वर्षीय स्कूली नेशनल खो-खो चैंपियनशिप में प्रदेश टीम से जिले के भी तीन खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे। इनका चयन फरवरी माह में बस्ती में हुए स्कूूली स्टेट चैंपियनशिप में प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। तीनों स्पोर्ट्स स्टेडियम में अपने प्रशिक्षक की देखरेख में इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं।
दिल्ली में छह से 12 जून तक 19 वर्षीय स्कूली खो-खो नेशनल चैपियनशिप आयोजित होगी। इसमें यूपी बालक वर्ग की टीम में जिले के विकास भारती व रूपेश भारती का चयन हुआ है। वहीं यूपी बालिका टीम में यहीं की अंशू वर्मा चयनित हुई हैं। तीनों स्पोर्ट्स स्टेडियम में संचालित खो-खो प्रशिक्षण शिविर के खिलाड़ी हैं। इनकी प्रशिक्षक शालिनी शर्मा ने मंगलवार को बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा के पूर्व बस्ती में स्कूली स्टेट चैंपियनशिप आयोजित हुई थी। इसमें गोरखपुर मंडल टीम से इन तीनों ने बेहतर प्रदर्शन किया था और स्टेट टीम में चयन के लिए अपनी दावेदारी भी पेश की। सोमवार की रात में यूपी टीम के चयन की घोषणा की गई। इसमें यूपी बालक टीम में विकास व रूपेश तथा बालिका टीम में अंशू का चयन किया गया है। तीनों प्रशिक्षण शिविर के नियमित खिलाड़ी हैं और यह अपने प्रदर्शन से जनपद का नाम रोशन करेंगे। इनके चयन पर क्रीड़ाधिकारी रवि कुमार शर्मा, गिरीश सिंह, अमित पांडेय, शकील अहमद, पूजा सिंह, योगेंद्र सिंह ने खुशी जताई और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।