19 से 26 जून तक बाराबंकी में होगी प्रतियोगिता
आज मंडल ट्रायल में जनपदीय टीम करेगी दावेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। खेल निदेशालय की ओर से 19 से 26 जून तक जूनियर बालिका फुटबाल प्रतियोगिता बाराबंकी में होगी। इसके लिए शुक्रवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में ट्रायल के बाद 10 सदस्यीय जनपद टीम का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी 15 जून को गोरखपुर क्षेत्रीय क्रीड़ांगन में आयोजित मंडल ट्रायल में दावेदारी करेगी। यहां ट्रायल के बाद गोरखपुर मंडल का फाइनल चयन स्टेट के लिए होगा।
प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका फुटबाल टीम पहले सहारनपुर में प्रस्तावित था। बाद में खेल निदेशालय की ओर से जगह को बदलकर बाराबंकी कर दिया गया। इसमें प्रतिभाग के लिए रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला ट्रायल में कुल 15 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षक विजय कुमार पाल की देखरेख में खिलाड़ियों की फिटनेस व गेम स्किल को परखा गया।
प्रभारी क्रीड़ाधिकारी अब्दुल अहद ने बताया कि जनपदीय ट्रायल के बाद मंडल ट्रायल के लिए पूर्णिमा प्रसाद, शिवानी मद्धेशिया, अर्चना यादव, समीरा खातून, पुष्पांजलि, सुहानी वाल्मिकी, वंदना गुप्ता, आंचल यादव, काजल यादव, सुनैना निषाद का चयन किया गया। ये सभी खिलाड़ी प्रशिक्षक की देखरेख में शनिवार को गोरखपुर क्षेत्रीय क्रीड़ांगन में होने वाले मंडल ट्रायल में हिस्सा लेंगी। हमारी टीम मजबूत है और कई बेहतर खिलाड़ी इसमें शामिल हैं, ऐसे में पूरी उम्मीद है कि जिले के कई खिलाड़ी गोरखपुर मंडल टीम में चयनित होकर स्टेट में प्रतिभाग करेंगी।